Ranveer Singh Birthday Special: बॉलीवुड के बेफिक्रे एक्टर रणवीर सिंह आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। रणवीर इंडस्ट्री के सबसे स्टाइलिश एक्टर्स में से एक हैं। वो जब भी कैमरे के सामने नज़र आते हैं…उनका स्टाइल सबसे हट कर दिखता है। इतना ही नहीं रणवीर अपनी निजी ज़िंदगी में भी महंगे महंगे शौक रखते हैं। आइये जानते हैं कैसी लक्जरियस लाइफ जीता है बॉलीवुड का ये एनर्जेटिक एक्टर और किन महंगी चीज़ों के मालिक हैं बर्थडे बॉय रणवीर सिंह।
रणवीर सिंह की लक्जरियस लाइफ में पहला नाम आता है उनकी पसंदीदा कार एस्टन मार्टिन(Aston Martin) का जिसकी कीमत तकरीबन 3.5 करोड़ रुपये है। रणवीर को अक्सर मुंबई की सड़कों पर अपनी इस शान की सवारी में फर्राटा भरते हुए देखा जाता है। बात कारों की हो रही है तो रणवीर सिंह के पास इसके अलावा मर्सडिज़ बेन्ज जीएलएस (Mercedes Benz GLS) भी शुमार है जिसकी कीमत तकरीबन 1.56 करोड़ रुपये है। इसके अलावा वो जगुआर (Jaguar XJL) कार भी अपने पास रखते हैं जो 1.7 करोड़ रुपये की है।
गौरतलब है कि इसके अलावा रणवीर सिंह ने गोवा में हॉलीडे मनाने के लिए 9 करोड़ रुपये का बंगला भी खरीद रखा है। वहीं रणवीर मुंबई में 10 करोड़ के अपार्टमेंट में रहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर सिंह ने दीपिका और खुद के लिए मुंबई में एक 15 करोड़ का घर भी खरीदा है। इसके अलावा वो महंगी घड़ियों का भी शौक रखते हैं। उनकी महंगी घड़ियों के कलेक्शन में एक और वॉच शामिल हो गई है, जिसे रोहित शेट्टी ने गिफ्ट किया है। यह वॉच Franck Muller Vanguard की है, जिसकी कीमत 4.8 लाख रुपये है।
वहीं ‘लुटेरे’ फिल्म में काम करने के लिए रणवीर सिंह को फिल्म के मेकर्स ने टोकन अमाउंट के तौर पर एक विंटेज बाइक गिफ्ट की थी। जिसकी कीमत 6.8 लाख रुपये है। इतना ही नहीं रणवीर शूज के भी शौकीन हैं। इसी वजह से उनके पास तकरीबन एक हज़ार जूतों का पेयर है। जिनकी कीमत 68 लाख रुपये है। वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह जल्द ही कबीर खान की फिल्म ’83’ में नज़र आने वाले हैं। जिसमें वो भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव की भूमिका में दिखाई देंगे। ये फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम के पहली बार विश्वविजेता बनने की कहानी पर आधारित होगी।