Ranu Mondal and Himesh Reshammiya New Song: रानू मंडल अपनी आवाज से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत चुकी हैं। लता मंगेशकर का गाना एक प्यार का नगमा गाकर अपनी पहचान बनाने वालीं रानू अब नए वीडियो से लोगों का दिल जीतने आ रही हैं। रानू के नए सिंगिंग वीडियो को गायक हिमेश रेशमिया ने शेयर किया है। देखते ही देखते रानू का यह सिंगिंग वीडियो भी लोगों के बीच पॉपुलर होता जा रहा है। ‘तेरी मेरी कहानी’ के बाद रानू के इस वीडियो को भी लोगों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
वीडियो में बैकग्राउंड से हिमेश की आवाज आती है- ”उम्मीद पर दुनिया कायम है, सपने सभी संजोते हैं। सपना देखना मत छोड़ो, सपने सच होते हैं।” इसके बाद रानू मंडल गाने की रिकॉर्डिंग करते हुए नजर आ रही हैं। रानू के बगल में खड़े हिमेश उन्हें गाइड कर रहे हैं। वीडियो के साथ हिमेश ने कैप्शन लिखा-तेरी मेरी कहानी की अपार सफलता के बाद हैप्पी हार्डी और हीर का दूसरा गाना रानू मंडल की खूबसूरत आवाज में रिकॉर्ड हुआ। वीडियो की एक झलक देखें। आप सभी के प्यार और साथ के लिए शुक्रिया।
रानू मंडल के इस नए वीडियो को एक घंटे में करीब 1 लाख व्यूज मिल गए हैं। वहीं कमेंट बॉक्स में लोग रानू की आवाज के साथ हिमेश की दरियादिली की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- आप सच्चे हीरो हो हिमेश जी। रानू की तारीफ में एक यूजर ने लिखा- बहुत खूबसूरत आवाज, भगवान आपको हमेशा खुश रखे। वहीं कई यूजर्स ने रानू के नए गाने को ब्लॉकबस्टर बताया है।
