भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी (Rani chatterjee) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है। उन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से लोगों का दिल जीत लिया था। उन्हें इंडस्ट्री की माधुरी दीक्षित भी कहा जाता है। एक्ट्रेस ने ना केवल भोजपुरी में बल्कि वेब सीरीज और टीवी में भी अपने अभिनय का दम दिखाया है। वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और खुद से जुड़ी पोस्ट फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। लेकिन क्या आपको पता है एक्ट्रेस ने करियर के लिए अपनी असली पहचान तक छुपा ली थी? चलिए आपको बताते हैं उनके बारे में…

दरअसल, रानी चटर्जी (Rani chatterjee) को भोजपुरी में एंट्री किए हुए 20 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने 2003 में फिल्मों में करियर की शुरुआत की थी। बीते दिन ही एक्ट्रेस ने अपने स्टेटस पर फैंस को इसकी जानकारी दी कि उन्हें 20 साल हो गए हैं। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा था कि ‘2003 से 2023 तक, भोजपुरी इंडस्ट्री में 20 साल हो गए। मुझे अवॉर्ड दिया जाए।’ अब ऐसे में 20 साल पूरे होने के मौके पर आपको उनके जीवन की इंटरेस्टिंग बातों के बारे में बता रहे हैं।

Photo- Rani Chatterjee Instagram

पहली फिल्म से रातों रात किस्मत ने ली करवट

रानी चटर्जी ने अपने करियर की शुरुआत साल 2003 से फिल्म ‘ससुरा बड़ा पइसावाला’ (Sasura Bada Paisawala) से की थी। इसमें उनके साथ मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) लीड रोल में थे। फिल्म को 30 लाख के बजट में बनाया गया था और इसने बॉक्स ऑफिस 9 करोड़ से भी ज्यादा का कलेक्शन किया था। इस फिल्म ने मनोज और रानी की किस्मत को ही रातों-रात बदल दिया था। ये भोजपुरी की पहली फिल्म रही है, जिसने इतने ज्यादा कलेक्शन किया है।

फेम के लिए छुपाई पहचान?

रानी चटर्जी ने इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने के लिए अपनी असली पहचान भी छुपाई, वो भी मेकर्स के कहने पर। वैसे रियल लाइफ में एक्ट्रेस मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनका असली नाम सबीहा शेख है। उन्होंने पहली ही फिल्म में शूटिंग के दौरान अपना नाम बदला था। अपने एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने खुद कहा था कि ‘मेकर्स को मंदिर में फिल्म का सीन फिल्माना था। ऐसे में उनको लगा कि लोग उनकी असली पहचान जानेंगे तो बखेड़ा खड़ा कर देंगे। फिर मेकर्स की ओर से एक्ट्रेस को अपना नाम बदलने की सलाह दी गई। फिर क्या था उस समय रानी मुखर्जी काफी फेमस थीं तो उन्होंने उनके नाम चटर्जी जोड़कर रानी चटर्जी कर लिया और इससे आज अपना पहचान भी बना चुकी हैं।’