Happy Birthday Randhir Kapoor: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर 15 फरवरी को 74 साल के हो चुके हैं। कपूर खानदान की संतान होने के बावजूद रणधीर कपूर का जीवन बेहद साधारण रहा है। उन्होंने बचपन से ही एक्टिंग करियर शुरू कर दिया था। साल 1955 में उन्होंने पहली फिल्म की थी। ‘दो उस्ताद’ में अभिनेता ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया था। फिल्म जगत के शो-मैन राज कपूर के बेटे होने के बाद भी उन्हें अपना करियर बनाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी थी।
पुराने इंटरव्यू में इस बात का जिक्र खुद रणधीर कपूर ने किया था। उन्होंने बताया था कि वह स्कूलिंग के बाद आगे की पढ़ाई नहीं करना चाहते थे। उनको फिल्म मेकिंग सीखनी थी और जब उन्होंने ये बात अपने पिता राज कपूर को बताई तो उन्होंने एक शर्त रखी। राज कपूर ने उनसे कहा था कि वह फिल्म मेकिंग सीखें, लेकिनवह अपने पिता राज कपूर के स्टूडियो में काम नहीं कर सकते। जिसके बाद उन्होंने लेख टंडन को डायरेक्शन में असिस्ट किया।
जब गाड़ी देख रणधीर कपूर पर हंसने लगा था भिखारी
कपिल शर्मा शो में रणधीर कपूर ने एक किस्सा शेयर किया था। उन्होंने बताया था कि बेशक वह राज कपूर के बेटे रहे हों, लेकिन उनका जीवन काफी साधारण था। उनके पास बहुत महंगी गाड़ी नहीं थी। जिसे देख एक बार भिखारी हंसने लगा था। उसने कहा था कि फिल्मों में रणधीर कपूर बड़ी गाड़ियों में घूमते हैं और असल जिंदगी में उनकी गाड़ी ऐसी क्यों? ये बात रणधीर के दिल पर लग गई और उन्होंने बड़ी गाड़ी लेने का फैसला किया।
पत्नी से पैसे लेकर खरीदी थी नई कार
रणधीर कपूर ने बताया कि उन्हें नई गाड़ी लेनी थी, लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे। इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी बबीता से पैसे लिए और कुछ पैसे प्रोड्यूसर से एडवांस लिए। अपनी नई गाड़ी लेकर वह अपने पिता के पास गए थे। अब रणधीर कपूर की दोनों बेटियां करीना कपूर और करिश्मा बॉलीवड का बड़ा नाम हैं।