रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) ने क्रिसमस के मौके पर फैंस को स्पेशल सरप्राइज दिया है। उन्होंने इस खास अवसर पर बेटी राहा (Raha kapoor) का चेहरा पहली बार पब्लिकली दिखाया है। उनका सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटोज भी सामने आई हैं। इसमें उनकी लाडली को बेहद ही क्यूट देखा जा सकता है। क्रिसमस के मौके पर फैंस के लिए ये किसी तोहफे से कम नहीं है। राहा की तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। राहा के जन्म के बाद से ही फैंस उन्हें देखने के लिए एक्साइटेड थे।
दरअसल, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने क्रिसमस के मौके पर एक पार्टी रखी है। इसे कपल ही होस्ट कर रहा है। इसमें शामिल होने के दौरान एक्टर ने राहा का चेहरा दिखाया है। इस दौरान उनके साथ एक्ट्रेस वाइफ आलिया भी दिखीं। दोनों ने साथ में अपनी लाडली के साथ कैमरे के सामने पोज दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और फोटोज में देख सकते हैं कि आलिया प्रिटेंड फ्लोरल शॉर्ट ड्रेस में नजर आ रही हैं। उन्होंने सैंटा की कैप वाला हेयर बैंड भी लगाया है। इसमें वो बेहद ही खूबसूरत लग रही हैं।

फोटो-जनसत्ता।
एक साल की हो चुकीं राहा
वहीं, रणबीर कपूर को ब्लैक जीन्स और डैनिम जैकेट में देखा जा सकता है। अब अगर उनकी लाडली बेटी राहा की बात की जाए तो वो व्हाइट ड्रेस में नजर आ रही हैं। वो बेहद ही क्यूट लग रही हैं। मां और पापा को प्यार करती हुई नजर आ रही हैं। राहा के साथ आलिया और रणबीर का क्यूट बॉन्ड देखने के लिए मिल रहा है। आपको बता दें राहा एक साल की हो चुकी हैं। आलिया ने बेटी को पिछले साल यानी कि 6 नवंबर, 2022 को जन्म दिया था। कपल ने 14 अप्रैल, 2022 को शादी की थी और 27 जून, 2022 को एक्ट्रेस ने प्रेग्नेंसी का ऐलान कर दिया था।
बहरहाल, अगर आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो एक्टर को हाल ही में रिलीज फिल्म ‘एनिमल’ में देखा गया था। इसमें उनकी वॉयलेंस वाली एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था। उन्होंने पर्दे पर अपने अभिनय की अलग छाप छोड़ी है। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही है। इसने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 850 करोड़ का बिजनेस किया है। इसमें उनके साथ अनिल कपूर, रश्मिका मंदाना, तृप्ति डिमरी और बॉबी देओल जैसे सितारे अहम भूमिका में थे। इसके साथ ही आलिया को आखिरी बार फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में देखा गया था। इसमें उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था और फिल्म हिट रही थी। अब दोनों स्टार ‘ब्रह्मास्त्र 2’ को लेकर चर्चा में हैं।