रामानंद सागर की ‘रामायण’ में ‘सीता’ का किरदार निभा चुकीं दीपिका चिखलिया अब एक बार फिर पर्दे पर आने की तैयारी कर रही हैं। अब दीपिका चिखलिया सरोजिनी नायडू के अवतार में नजर आ सकती हैं। दीपिका को सरोजिनी नायडू की बायोपिक ऑफर हुई है। इस बारे में दीपिका ने खुद कन्फर्म किया।
दीपिका ने इंडिया टुडे से बातचीत में बताया कि ‘हां मुझे सरोजिनी नायडू की बायोपिक ऑफर हुई है। हालांकि अभी मैंने इसे साइन नहीं किया है। धीरज मिश्रा की की लिखी फिल्म को वही डायरेक्ट कर रहे हैं। देश में चल रहे लॉकडाउन की वजह से मैं कहानील सुन नहीं पाई हूं। लॉक डाउन के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है। ये सब खत्म होने के बाद स्टोरी सेशन होगा जिसके लिए हम सब साथ एक जगह इकट्ठा होंगे। सब ठीक रहा तो फिल्म करूंगी।’
एक्ट्रेस बताती हैं कि उन्होंने सरोजिनी नायडू के बारे में जानने के लिए इंटरनेट खंगाला लेकिन उन्हें ज्यादा कुछ नहीं मिला। एक्ट्रेस कहती हैं कि जब ये फिल्म उन्हें ऑफर हुई तो वह काफी खुश हो गई थीं कि उन्हें इतिहास से जुड़ी फिल्म करने को मिल रही है। दीपिका चिखलिया पहले भी राइटर धीरज के साथ काम कर चुकी हैं। दीपिका ने गालिब और दीनदयाल -एक युग पुरुष में काम किया था। जिसके लेखक धीरज मिश्रा थे।
बता दें, दीपिका चिखलिया को उनके सीता के गैटअप के लिए खूब जाना जाता है। 1987 में आया टीवी सीरियल रामायण से दीपिका घर घर में सीता के रूप में लोकप्रिय हो गई थीं। आलम ये था कि दीपिका को दूर से देख कर ही लोग प्रणाम कर जमीन पर माथा रगड़ने लगते थे।
दीपिका जब कपिल शर्मा के कॉमेडी चैट शो में आई थीं तब भी उन्होंने बताया था कि लोग उस वक्त उन्हें दूर से ही पहचान लिया करते थे। उनसे कभी किसी ने हाथ नहीं मिलाया, क्योंकि लोग हाथ जोड़ कर उन्हें दंडवत प्रणाम करने लगते थे।