Ramayan, Sugreev: देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। इस बीच एहतियातन देशभर में लॉक डाउन घोषित किया गया है। लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने की अपील की जा रही है। साफ-सफाई का खास ध्यान रखने को कहा जा रहा है। तमाम कवायद के बीच दूरदर्शन पर रामायण और महाभारत जैसे पुराने धारावाहिकों का दोबारा प्रसारण भी किया जा रहा है, ताकि घर बैठे-बैठे लोगों को बोरियत महसूस न हो।

खासकर रामायण को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इसी बीच रामायण से जुड़ी एक ऐसी खबर आ रही है, जो निराश करने वाली है। रामानंद सागर के चर्चित सीरियल रामायण में सुग्रीव की भूमिका निभाने वाले कलाकार श्याम सुंदर का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि श्याम सुंदर लंबे वक्त से कैंसर से जूझ रहे थे। इसी बीच लॉक डाउन के दौरान उनकी तबीयत और बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।

श्याम सुंदर के निधन पर रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी ने उन्हें याद किया है और शोक व्यक्त किया है। अरुण गोविल ने ट्वीट कर कहा, ‘श्याम सुंदर जी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। वह कमाल के इंसान और शानदार व्यक्ति थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें…’।


उधर, रामायण के ‘लक्ष्मण’ यानी सुनील लहरी ने ट्वीट कर कहा, ‘हमारे साथी कलाकार, जिन्होंने सुग्रीव की भूमिका निभाई थी, उनका अचानक निधन हो गया। इस खबर को सुनकर बहुत दुख हुआ है। ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें और उनकी आत्मा को शांति दें। आपको बता दें कि श्याम सुंदर पिंजौर के लालका हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी थे। वे लंबे वक्त से कैंसर से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। इसी बीच उनके निधन की खबर सामने आई है।

श्याम सुंदर के निधन पर सोशल मीडिया पर रामायण के प्रशंसक भी शोक व्यक्त कर रहे हैं। कई प्रशंसकों ने लिखा कि क्या संयोग है, दो दिन पहले ही रामायण के रिपीट टेलीकास्ट में सुग्रीव ने बाली का वध किया था और किष्किंधा के राजा बने थे। लेकिन असल जीवन में सुग्रीव ही जिंदगी की जंग हार गए। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।