टीवी पर पिछले दिनों परौणिक कथा पर आधारित रामानंद सागर की ‘रामायण’ का दोबारा प्रसारण किया गया। जिसके बाद से ही इस धारावहिक से जुड़े कलाकार एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस दौरान शो में सीता माता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने एक इंटरव्यू में देश के पीएम नरेंद्र मोदी को ‘राम’ कहकर संबोधित किया। एक सवाल के जवाब देते हुए दीपिका ने कहा कि ‘जिस तरह मोदी जी हर दिन कुछ अच्छा करने के बारे में सोचते हैं इससे तो इस वक्त के राम वो ही नजर आते हैं।’ वहीं उन्होंने ‘लालच’ को आज के समय का रावण बताया है।
दरअसल हाल ही में दीपिका चिखलिया ने बीबीसी हिन्दी को एक इंटरव्यू दिया था। इस दौरान उनके आज के समय का राम बताने वाले बयान की खूब सरहाना हो रही है। फैंस सोशल मीडिया पर दीपिका के बयान की तारीफ कर रहे हैं। वहीं ‘रामायण’ सीरियल के दोबारा प्रसारण के बाद से ही सभी सितारों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। इस दौरान सितारे भी सोशल मीडिया और इंटरव्यूज में खुलकर अपने दिल की बातें और किस्से दर्शकों को बता रहे हैं।
#sarojininaidu…1st look….poster pic.twitter.com/zN5hhdSJmX
— Dipika Chikhlia Topiwala (@ChikhliaDipika) May 7, 2020
गौरतलब है कि बीते दिनों दीपिका चिखलिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर शेयर कर जानकारी दी थी कि वह एक फिल्म में काम करने जा रही हैं। फिल्म का नाम है सरोजिनी। यह फिल्म सरोजिनी नायडू के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में जाहिर है कि पर्दे पर दीपिका चिखलिया देश के लिए आजादी की लड़ाई लड़ती नजर आएंगी। कुछ दिनों पहले ही दीपिका ने फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया था।
बता दें देशभर में कोरोनावायरस के खतरे के चलते लॉकडाउन के वक्त पर ‘रामायण’ का पुन: प्रसारण शुरू किया गया था। जिसके बाद से ही इस शो के सभी कलाकार एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। दूरदर्शन पर रामानंद सागर के ‘रामायण’ सीरियल ने दोबारा प्रसारण के बाद टीवी पर टीआरपी के कई रिकार्ड्स ध्वस्त कर दिए थे। इस धारावाहिक में अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।