साल 1985 में आई राज कपूर की फिल्म, ‘राम तेरी गंगा मैली’ से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली एक्ट्रेस मंदाकिनी ने साल 1996 में फिल्मी जगत से दूरी बना ली थी। जिसके बाद वो कभी बड़े पर्दे पर नजर नहीं आईं। लेकिन अब पूरे 26 साल बाद एक्ट्रेस ने एक बार फिर स्क्रीन पर वापसी करने का फैसला लिया है। मंदाकिनी एक म्यूजिक वीडियो में नजर आने वाली हैं।

ईटाइम्स से बातचीत में मंदाकिनी ने बताया कि वो अपने बेटे राबिल ठाकुर के साथ एक म्यूजिक वीडियो में मां के किरदार में दिखने वाली हैं। ये गाना साजन अग्रवाल ने लिखा और डायरेक्ट किया है। गाने के बोल हैं, ‘मां ओ मां’। एक्ट्रेस का कहना है कि मां पर बना ये गाना बहुत ही प्यारा है और इसका हिस्सा बनकर काफी उत्साहित हैं।

स्क्रीन पर वापसी को लेकर जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा, मैं अपने कमबैक को लेकर काफी खुश हूं। मैं साजन को कई सालों से जानती हूं लेकिन हम अब जाकर एक साथ काम कर रहे हैं।” एक्ट्रेस ने ये भी बताया कि मां ओ मां गाना जब उन्होंने पहली बार सुना था तो उन्हें इस गाने से प्यार हो गया था। फिलहाल गाने की शूटिंग शुरू नहीं हुई है, अप्रैल के अंत तक इसपर काम शुरू किया जाएगा।

आपको बता दें कि मंदाकिनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वो इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करती हैं, 58 साल की उम्र में उनमें बेशक कई बदलाव आए हैं, लेकिन उनके चहरे की वो चमक और सुंदरता अब भी बरकरार है। उनके चेहरे की खूबसूरती देख ही राज कपूर ने उन्हें फिल्म साइन की थी। राम तेरी गंगा मैली के लिए पहले डिंपल कपाड़िया को साइन किया गया था। लेकिन मंदाकिनी को देखने के बाद राज कपूर ने डिंपल की जगह मंदाकिनी को अपनी फिल्म में रखने का फैसला किया।

मंदाकिनी ने एक पूर्व बुद्धिष्ट मोंक डॉ. कग्यूर टी. रिनपोछे ठाकुर से शादी की है। जिनसे उनके तीन बच्चे हैं। उनकी बेटी भी अपनी मां की तरह ही खूबसूरत हैं। वो अब अपने पति के साथ तिब्बती योगशाला और तिब्बती चिकित्सा केंद्र चलाती हैं।