छोटे पर्दे के फेमस अभिनेता राम कपूर पिछले काफी समय से लाइमलाइट में हैं। पहले वह अपने वजन कम करने को लेकर सुर्खियों में आए। इसके बाद उनकी सीरीज ‘मिस्त्री’ आज ओटीटी पर रिलीज हो गई है। एक्टर ने ‘कसम से’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ जैसे शो में राम कपूर का किरदार निभा कर घर-घर में अपनी एक पहचान बनाई। अब हाल ही में एक इंटरव्यू में एक्टर ने टीवी स्टार्स को मिलने वाली सैलरी को लेकर बात की है। राम ने बताया कि कैसे अपने पैसे को अगर सही से मैनेज किया जाए, तो यह उनकी आने वाली पीढ़ियों तक को मदद कर सकता है। इस दौरान उन्होंने रोनित रॉय और साक्षी तंवर का उदाहरण भी दिया।
टीवी स्टार्स को लेकर क्या बोले राम
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे से बात करते हुए राम कपूर ने माना कि कई स्टार्स ने अपनी कमाई को अच्छे से इस्तेमाल किया और कुछ ने अपनी कमाई बरबाद कर दी और फिर गायब हो गए। एक्टर ने कहा, “जब आप रोनित रॉय, साक्षी और मेरे जैसे टॉप पर पहुंच जाते हैं और अपने निवेश को लेकर समझदारी दिखाते हैं। ऐसे कई लोग थे जिनके शो हिट थे, लेकिन उन्होंने जरूरत से ज्यादा पैसे खर्च किए और जब उनके शो बंद हो गया और उन्हें कोई दूसरा शो नहीं मिला, तो गायब हो गए।”
रोनित रॉय ने दिखाई समझदारी
रोनित की सूझबूझ और स्मार्ट निवेश निर्णयों की तारीफ करते हुए राम ने कहा, “लोग रोनित को पसंद करते हैं। उनके पास बहुत सारे घर, वेकेशन होम और गोवा में एक शानदार विला है। वह समझदार है, क्योंकि उन्होंने फिल्मों से शुरुआत की थी और वह फिल्मों में सफल नहीं हुआ। वह फिल्मों में एक फ्लॉप एक्टर था और उसके पास खाने के लिए पैसे नहीं थे। फिर एकता कपूर ने उसे लिया। टेलीविजन में आने के बाद उसने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसने असफलता देखी थी इसलिए जब उसे सफलता मिली, तो उसने पहले दिन से ही उसका सम्मान किया।”
साक्षी तंवर को लेकर कही ये बात
इसके बाद उन्होंने ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में नजर आईं एक्ट्रेस साक्षी के बारे में बात की और कहा कि साक्षी के लिए भी यही बात है। वह बहुत समझदार लड़की है। उसे मेरी तरह फैंसी कारें पसंद नहीं हैं। उसके पास छह पीढ़ियों के लिए पर्याप्त पैसा है, क्योंकि वह इसे बहुत समझदारी से खर्च करती है। अगर आप पैसे समझदारी से खर्च करते हैं, तो आपके पास टेलीविजन में बहुत सी चीज़ों के लिए पैसे होंगे।