कोलकाता से बीते दिनों एक बड़ा मामला सामने आया। मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। अब ये मामला तूल पकड़े हुए है। लोग इस गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। साथ ही पीड़िता के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। इस मामले को लेकर जहां आम लोग प्रोटेस्ट कर रहे हैं वहीं, सेलेब्स भी सोशल मीडिया पर रिएक्शन दे रहे हैं। इस पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। ऐसे में अब रक्षाबंधन के मौके पर एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लंबी-चौड़ी पोस्ट लिखकर इसके खिलाफ आवाज उठाने की मांग की है।

दरअसल, भूमि पेडनेकर ने फैंस को रक्षाबंधन की बधाई दी है। उन्होंने पोस्ट लिखकर गुस्से के साथ राखी विश की है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘हैप्पी रक्षाबंधन… बचपन से सुनते आ रहे हैं, फलाने की बहन को पति बहुत मारता है उसे। पर बेचारी छोड़ नहीं सकती है। उसकी बहन का एक्सीडेंट हो गया, हमें लगता है कि दहेज का मामला है। उसकी बहन कॉलेज जा रही थी, कुछ लड़कों ने छेड़ दिया बेचारी का कॉलेज जाना बंद कर दिया। उसकी बहन पर एसिड फेंक दिया। लड़का उसे छेड़ता था। लड़की ने आवाज उठाई और ये हो गया।’

भूमि पेडनेकर का अपराधियों पर फूटा गुस्सा

इसके साथ ही भूमि पेडनेकर ने आगे लिखा, ‘उसकी बहन शाम को काम से घर आ रही थी रेप हो गया। अपने एक दोस्त के साथ बस में चढ़ी और रेप हो गया। स्कूल जा रही थी और रेप हो गया। खेत में काम कर रही थी और रेप हो गया। काम पर नाइट ड्यूटी पर थी रेप हो गया। 2024 में हैं लेकिन फिर भी हमें हमारे भाई की रक्षा की जरूरत है क्यों? किस-किस से बचाएगा हमें हमारा भाई? वो सारे भी किसी के भाई होंगे जिन्होंने इन लड़कियों पर ये सारे अत्याचार किए? ये घिनौना काम करते हुए उन्हें एक भी बार अपनी बहन या मां का ख्याल नहीं आया? कहां गया इन सबका डर? कहां गई इंसानियत?’

भूमि पेडनेकर ने किया आवाज उठाने का अनुरोध

अंत में भूमि पेडनेकर ने पोस्ट में लिखा, ‘इस रक्षाबंधन बहुत सारे सवाल उठाओ। अपनी बहनों और बेटियों के साथ इस लड़ाई को आगे बढ़ाओ। अपने परिवार के लड़कों को सही शिक्षा और गुण सिखाओ। ताकी अगली पीढ़ी वो नहीं सुने जो हम अपने बचपन से सुनते आ रहे हैं।’

आपको बता दें कि कोलकाता डॉक्टर मर्डर केस में पहले भी बॉलीवुड के कई सेलेब्स रिएक्शन दे चुके हैं। इसमें परिणीति चोपड़ा, ऋचा चड्ढा, विजय वर्मा, रणदीप हुड्डा, आयुष्मान खुराना, जॉन अब्राहम और आलिया भट्ट तक के नाम शामिल हैं।