फिल्ममेकर राज कुमार कोहली का 24 नवंबर को निधन हो गया। उन्हें 93 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। फिल्म इंडस्ट्री के तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम संस्कार में सोनू निगम, आदित्य पंचोली समेत कई महान हस्तियां पहुंची। पिता के निधन से अरमान कोहली पूरी तरह टूट चुके हैं। उनका वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं। ये वीडियो राज कुमार के अंतिम संस्कार के पहले का है।
राज कुमार कोहली का अंतिम संस्कार 24 नवंबर की शाम को हुआ। इसका जो वीडियो सामने आया है उसमें अरमान कोहली के साथ सोनू निगम भी नजर आ रहे हैं। सोनू निगम, अरमान को गले लगाते हैं और अरमान को संभालने की कोशिश करते हैं। अरमान अपने पिता के शव के सामने खड़े होकर फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं। एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें एंबुलेंस से राज कुमार की डेड बॉडी को घर लाया गया। इस वीडियो में अरमान अपने पिता के शव को उतारते हुए नजर आ रहे हैं।
आदित्य पंचोली भी फिल्ममेकर के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे। उन्होंने भी अरमान को गले लगाया और उनके पिता के निधन पर दुख व्यक्त किया। अरमान कोहली का हाल देखकर सोशल मीडिया पर तमाम लोग भावुक हो रहे हैं। वह अपने पिता को खोने के गम से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।
राज कुमार कोहली की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। शुक्रवार की सुबह वह नहाने के लिए गए थे, लेकिन काफी देर तक वह बाथरूम से बाहर नहीं आए। जिसके बाद अरमान ने बाथरूम का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। लेकिन जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। जहां उनके पिता बेसुध हालत में पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राज कुमार कोहली ने अपने करियर में कई फिल्में बनाई। उन्होंने साल 1966 में आई ‘दुल्ला भट्टी’, साल 1970 में आई ‘लुटेरा’, ‘नागिन’, ‘जानी दुश्मन’, ‘बदले की आग’, ‘नौकर बीवी का’ और ‘राज तिलक’ जैसी फिल्में बनाई हैं। अरमान कोहली को भी राज कुमार ने ही लॉन्च किया था।