बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजेश खन्ना ने अपनी फिल्मों और अंदाज से हिंदी सिनेमा में जबरदस्त पहचान बनाई थी। उन्हें हिंदी सिनेमा का पहला सुपरस्टार भी कहा जाता था। हालांकि उन्हें यहां तक पहुंचने के लिए संघर्षों से गुजरना पड़ा था और इस दौरान एक्ट्रेस अंजू महेंद्रू ने ही उनका सबसे ज्यादा साथ दिया था। दोनों कई सालों तक रिलेशनशिप में भी रहे थे और एक वक्त ऐसा भी था, जब काका उनसे शादी करना चाहते थे और हर जगह उनका पीछा भी करते थे। लेकिन अंजू महेंद्रू ऐक्टर से शादी करने के लिए राजी नहीं हुई थीं।

राजेश खन्ना से जुड़ी इस बात का खुलासा खुद अंजू महेंद्रू ने अपने इंटरव्यू में किया था। इंडिया फोरम के मुताबिक अंजू महेंद्रू ने काका के बारे में बात करते हुए कहा था, “अगर मैं कहीं जाती थी तो वह मेरे पीछे-पीछे आते थे और लगातार मुझे फोन भी करते थे।” वहीं राजेश खन्ना ने इस बारे में कहा था, “दुनिया मेरे पीछे थी और मैं उनके पीछे था।”

राजेश खन्ना ऐक्ट्रेस अंजू महेंद्रू से शादी करना चाहते थे। दूसरी ओर ऐक्ट्रेस की मां भी चाहती थीं कि राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू शादी के बंधन में बंध जाएं, हालांकि ऐक्ट्रेस इस चीज के लिए राजी नहीं हुईं। इस बारे में बात करते हुए अंजू महेंद्रू ने कहा था, “वह बहुत रूढ़िवादी इंसान थे, हालांकि कई बार उन्हें मॉडर्न महिलाएं भी पसंद आती थीं। कन्फ्यूजन हमारे रिश्ते का ही हिस्सा थी।”

राजेश खन्ना के बारे में बात करते हुए अंजू महेंद्रू ने आगे कहा था, “अगर मैं स्कर्ट पहनती थी तो वह कहते थे कि तुमने साड़ी क्यों नहीं पहनी है। अगर मैं साड़ी पहनती थी तो वह नाक सिकोड़ते थे और पूछते थे कि तुम भारतीय नारी को प्रदर्शित क्यों कर रही हो। चीजें तब और खराब हो गई थीं, जब राजेश खन्ना को स्टारडम मिलना शुरू हुआ था।”

बता दें कि अंजू महेंद्रू से ब्रेकअप के बाद राजेश खन्ना ने खुद से 15 साल छोटी डिंपल कपाड़िया से शादी की थी। अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड को सबक सिखाने के लिए वह उनके घर के सामने से ही बारात लेकर गए थे। उनकी इस शादी से मुमताज जैसे कई बॉलीवुड कलाकार भी हैरान रह गए थे।