Bigg Boss 18: शो में आए दिन नए-नए ड्रामे देखने को मिल रहे हैं। आने वाला एपिसोड भी लड़ाई-झगड़ों से भरा होने वाला है। अपकमिंग एपिसोड के प्रोमो में रजत दलाल को आपा खोते हुए दिखाया गया। पहले रजत की अविनाश और विवियन के साथ बहस हुई और देखते ही देखते ये बहस इतनी बढ़ गई कि वह हाथापाई पर उतर गए। बाकी घरवालों को इनका बीच बचाव करते हुए देखा गया।

शो के प्रोमो में विवियन को रजत से राशन बांटने को लेकर बात करते हुए देखा गया। विवियन कहते हैं, “जब जेल में था तब बराबर खाना क्यों नहीं दिया।” इसके जवाब में रजत कहते हैं अपने दोस्तों की मदद लेने के बजाय उन्हें खुद की राय रखनी चाहिए। विवियन उनकी बात सुनकर उन्हें बाहर का रास्ता दिखाने की बात करते हुए कहते हैं कि वो खुद उन्हें बिग बॉस हाउस से बाहर तक छोड़कर आएंगे। इसके बाद अविनाश को भी रजत पर टिप्पणी करते हुए दिखाया गया।

अविनाश कहते हैं, “देखो गुरुजी, आपका चेला खड़ा हो गया है आपके लिए।” इसके बाद रजत का गुस्सा बढ़ जाता है और वो अपना आपा खो देते हैं और फिर हाथापाई पर उतर जाते हैं।

अन्य घरवाले जैसे दिगविजय राठी, अरफीन खान, ईशा सिंह उनके झगड़े को रोकने की कोशिश करते हैं और इसी बीच ईशा को धक्का लगता है और वो जमीन पर गिर जाती हैं। प्रोमो में विवियन को ये भी कहते सुना गया कि जिन लोगों में तमीज नहीं है, उन्हें तरीके से पेश आना चाहिए।

रजत दलाल और अविनाश मिश्रा पिछले कुछ एपिसोड में तू-तू-मैं-मैं देखी गई है। कई बार दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। लेटेस्ट एपिसोड में भी दोनों एक दूसरे पर जुबानी वार करते नजर आए। जब रजत दलाल जेल में थे तो उन्हें विवियन और अविनाश को अपशब्द कहते देखा गया था, जिसके बाद अविनाश ने कहा था कि रजत की रियल पर्सनालिटी बाहर आ रही है। रजत दलाल को अक्सर घरवालों को धमकाते हुए देखा जाता है और इसे लेकर हालिया एपिसोड में रवि किशन ने उनसे सवाल भी किया।

रवि किशन ने रजत दलाल से पूछा कि वह दूसरों को धमकियां क्यों देते रहते हैं। जब विवियन ने कहा कि पॉवरफुल लोग धमकियां देने से ज्यादा कार्रवाई में विश्वास करते हैं, तो दलाल ने टिप्पणी की कि उन्होंने विवियन जैसे लोगों को हाथ जोड़ते और कान पकड़ते देखा है।