राज कपूर की फिल्म, ‘मेरा नाम जोकर’ एक कल्ट फिल्म मानी जाती है। 1970 में आई इस फिल्म में रूसी अभिनेत्री और मशहूर बैले डांसर सेनिया रेबेंकिना ने सर्कस में काम करने वाली एक लड़की का किरदार निभाया था। बला की खूबसूरत सेनिया को देख राज कपूर को उससे प्यार हो जाता है। दोनों के बीच भाषा की बंदिशों के बावजूद बड़ी अच्छी केमिस्ट्री देखने को मिली थी। सेनिया का किरदार हालांकि छोटा था लेकिन वो दर्शकों को हमेशा के लिए याद रह गईं। राज कपूर से सेनिया की मुलाकात मॉस्को में हुई थी।
बीबीसी से बातचीत में सेनिया ने राज कपूर से अपनी मुलाकात और फिल्म मिलने की पूरी कहानी बताई थी। उन्होंने बताया था कि जब वो 24-25 साल की थीं तब राज कपूर उनसे मिले थे। दरअसल राज कपूर अपनी फिल्म की तैयारियां कर रहे थे। उन्होंने सेनिया का बैले डांस देखा और वो उनसे बहुत प्रभावित हुए थे। उनके नृत्य से प्रभावित होकर उन्हें फिल्म ऑफर कर दी थी।
सेनिया को हिंदी की बिलकुल समझ नहीं थी बावजूद इसके उन्होंने राज कपूर की फिल्म के लिए हां कह दिया था क्योंकि वो राज कपूर को रूस में प्रसिद्ध उनके कुछ गानों के माध्यम से जानती थीं। सेनिया का कहना था कि फिल्म के सेट पर राज कपूर उनका पूरा ख्याल रखते थे बाकी सभी कलाकारों की तरह लेकिन कैमरा ऑन होते ही वो थोड़े सख्त हो जाते थे।
सेनिया राज कपूर की 92वीं जयंती के अवसर पर साल 2016 में भारत भी आईं थीं। उन्होंने एक प्रेस सम्मलेन के दौरान राज कपूर से जुड़ी यादें भी साझा की थी। उन्होंने बताया कि ‘मेरा नाम जोकर’ में काम करने से पहले वो एक फिल्म में काम कर चुकीं थीं। उन्होंने यह भी कहा कि अपने पूरे करियर में उन्होंने 15-16 फिल्मों में काम किया लेकिन आज भी उन्होंने राज कपूर की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ के लिए ही याद किया जाता है।
राज कपूर ने इस फिल्म को बनाने के लिए अपना पूरा बल और धन लगा दिया था लेकिन जब फिल्म चली नहीं तब वो बुरी तरह कर्ज में डूब गए थे। कहा गया कि फिल्म अपने समय से बहुत पहले की फिल्म थी इसलिए दर्शकों को समझ नहीं आई और चली नहीं। हालांकि बीतते समय के साथ फिल्म की लोकप्रियता बढ़ती चली गई और अब यह हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है।