बॉलीवुड के मशहूर एक्टर रणधीर कपूर ने हिंदी सिनेमा में एक्टर के साथ-साथ बतौर डायरेक्टर भी खाम किया है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने ‘कल आज और कल’ फिल्म से की थी। इस फिल्म में वह अपने पिता राज कपूर और दादा पृथ्वी राज कपूर के साथ नजर आए थे। फिल्म की रिलीज के बाद रणधीर कपूर ने अपने लिए एक छोटी कार खरीदी थी। लेकिन उनकी कार का आकार देख एक भिखारी उनपर हंसने लगा था। इतना ही नहीं, छोटी कार को लेकर उसने राज कपूर के बेटे को ताना तक मार दिया था।
रणधीर कपूर ने इस बात का खुलासा ‘द कपिल शर्मा शो’ में किया था। रणधीर कपूर ने शो में बताया था कि भले ही वह राज कपूर के बेटे बनकर जन्मे थे, लेकिन उनकी परवरिश बहुत ही साधारण तरीके से हुई थी। वे अक्सर बसों और ट्रेनों में सफर किया करते थे। लेकिन जब वह एक्टर बन गए तो उन्होंने अपने लिए एक छोटी सी कार खरीदी थी।
रणधीर कपूर ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि उनकी कार का आकार देखकर एक भिखारी उनपर हंसने लगा था। उसने रणधीर कपूर से कहा था, “तुम ऐसी गाड़ी में जाता है, पिक्चर में तो लंबी गाड़ी होती है।” रणधीर कपूर ने बताया कि यह बात उनके दिल पर लग गई थी। ऐसे में उन्होंने बड़ी कार खरीदने का फैसला कर लिया।
रणधीर कपूर ने बताया कि कार की लेटेस्स मॉडल खरीदने के लिए उन्होंने अपनी पत्नी बबीता कपूर से थोड़े बहुत पैसे लिये और कुछ पैसे उन्होंने प्रोड्यूसर्स से एडवांस में ले लिये। अपनी नई कार वह राज कपूर को दिखाने के लिए भी गए। बेटे की बड़ी गाड़ी देखकर वह खुश तो हो गए, लेकिन उन्होंने खुद के लिए वह कार लेने से साफ इंकार कर दिया।
राज कपूर ने अपने बेटे रणधीर कपूर को समझाते हुए कहा, “बेटे मैं अगर बस में भी जाउंगा तो लोग बोलेंगे कि राज कपूर बस में बैठा हुआ है। ये तुम्हें जरूरत है क्योंकि लोग गाड़ी को देखेंगे और तुम्हें भी देखेंगे कि उस गाड़ी में रणधीर कपूर जा रहा है।” बता दे कि रणधीर कपूर ने फिल्म ‘कल आज और कल’ से हिंदी सिनेमा मे कदम रखा था और इसके बाद वह कई फिल्मों में नजर आए थे।