बॉलीवुड अभिनेता और कांग्रेस सांसद राज बब्बर का आज (23 जून) को जन्मदिन है। राज बब्बर के अभिनेत्री स्मिता पाटिल संग रिश्ते को लेकर खूब चर्चा हुई। शादीशुदा राज बब्बर ने जब स्मिता पाटिल के साथ रहना शुरू किया तो उनकी खूब आलोचना हुई। लोग स्मिता पाटिल के लिए कहा करते थे कि वो किसी का घर तोड़ रही हैं। स्मिता पाटिल और राज बब्बर एक-दूसरे से प्यार तो बहुत करते थे लेकिन दोनों की शादी नहीं हो पाई, जीते जी सुहागन बनने की इच्छा स्मिता पाटिल की अधूरी ही रही।

स्मिता पाटिल बेहद ही सादगी पसंद इंसान थीं और उन्हें मेकअप आदि से लगाव नहीं था। एक दिन वो किसी फ़िल्म के सेट पर गई थीं जहां अभिनेता राजकुमार का मेकअप हो रहा था। राजकुमार को सीन में मृत दिखाया जाना था जहां वो ज़मीन पर पड़े हैं। मेकअप मैन उनका मेकअप कर रहा था और तभी स्मिता पाटिल ने राजकुमार को देखा। उन्होंने मेकअप मैन दीपक सावंत से कहा था कि वो उनका मेकअप भी इसी तरह से करें।

स्मिता पाटिल के मेकअप आर्टिस्ट ने बीबीसी को बताया था,‘एक बार उन्होंने राजकुमार को एक फिल्म के लिए लेटकर मेकअप कराते देखा और मुझे कहने लगीं कि दीपक मेरा इसी तरह से मेकअप करो। और मैंने कहा कि मैडम मुझसे ये नहीं होगा। ऐसा लगेगा जैसे किसी मुर्दे का मेकअप कर रहे हैं।’

 

दीपक यह भी बताते हैं कि इसके बाद स्मिता पाटिल अक्सर उनसे कहा करती थीं कि मैं मर जाऊं तो मुझे सुहागन की तरह तैयार करना। मरने के बाद स्मिता पाटिल की यह आखिरी इच्छा पूरी की गई और उन्हें एक सुहागन की तरह ही तैयार किया गया।

 

स्मिता पाटिल अपने आखिरी दिनों में काफी अकेली हो गईं थीं। राज बब्बर भी उसने दूरी बनाने लगे थे। राज बब्बर कहते थे कि वो अपनी पत्नी नादिरा को तलाक देकर उनसे शादी कर लेंगे लेकिन ऐसा हो न सका। स्मिता पाटिल को राज बब्बर से एक बेटा हुआ प्रतीक बब्बर। प्रतीक के जन्म के 15 दिन बाद स्मिता पाटिल का निधन हो गया।

स्मिता पाटिल ने अपने 10 साल के फिल्मी करियर में बेहतरीन फिल्में बॉलीवुड की दी। ‘भूमिका’ और ‘चक्र’ फ़िल्म के लिए उन्हें दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।