Happy Birthday Raj Babbar: दिग्गज अभिनेता और राजनेता राज बब्बर 23 जून को 73वां जन्मदिन मना रहे हैं। वह फिल्म जगत में नाम कमाने के साथ राजनीति में भी खूब नाम कमा चुके हैं। इसके साथ-साथ उनकी पर्सनल लाइफ भी बहुत सुर्खियों में रही है। उनकी पत्नी मशहूर अभिनेत्री स्मिता पाटिल थीं और उनक नाम दिग्गज अभिनेत्री रेखा के साथ भी जुड़ चुका है।
स्मिता पाटिल का साल 1986 में बच्चे को जन्म देते वक्त निधन हो गया था। इस गम से राज बब्बर कई सालों तक नहीं निकल पाए। इस दौरान उनकी दोस्ती रेखा के साथ हो गई। रिपोर्ट्स की मानें तो उसी वक्त रेखा और अमिताभ बच्चन का रिश्ता भी टूटा था तो राज और वह एक दूसरे का सहारा बन गए थे। 80 के दशक में राज बब्बर और रेखा के रिश्ते की काफी चर्चा होने लगी थी।
राज बब्बर ने तोड़ दिया था रेखा का दिल
जब दोनों के रिश्ते की खबरें सिनेमा जगत में फैलने लगी तो रेखा ने राज बब्बर को शादी करने के लिए कहा। लेकिन राज ने उनसे शादी करने से इनकार कर दिया। कहा जाता है कि जिस वक्त ये वाक्या हुआ तब रेखा ने चप्पल भी नहीं पहनी थी और वह ऐसे ही अपने घर जाने के लिए भागने लगीं। रिपोर्ट्स की मानें तो कई लोगों ने उन्हें इस हाल में देखा था।
रेखा को छोड़ पहली पत्नी के पास चले गए थे राज
बता दें कि स्मिता, राज की दूसरी पत्नी थीं। राज ने 1975 में नादिरा बब्बर से शादी की थी। लेकिन स्मिता के साथ प्यार में पढ़ने के बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली और नदिरा को छोड़ दिया। लेकिन स्मिता की मृत्यु के बाद उनकी लाइफ में रेखा आईं और जैसे ही रेखा ने उन्हें शादी के लिए अप्रोच किया तो वह उन्हें छोड़कर वापस नदिरा के पास लौट गए थे।
राज ने माना था रेखा संग था रिश्ता
राज ने अपने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था। उन्होंने कहा था,”हां रेखा ने उस तरह से मेरी मदद की थी जैसे हालातों में मैं था। रेखा भी अपने लंबे रिलेशनशिप के टूटने के बाद बिखरी हुई थीं। वह भी उस दुख से बाहर निकलना चाहती थीं। मेरी भी ऐसी ही हालत थी। उस वक्त हम दोनों साथ में काम भी कर रहे थे। ऐसे में हम दोनों एक दूसरे के इमोशनल सपोर्ट बन कर उभरे थे। क्योंकि हम एक दूसरे की परेशानी और दुख को समझ पा रहे थे।”
हालांकि राज ने ये भी कहा था कि वह रेखा के साथ इन्वॉल्व नहीं हुए थे। जितना प्यार वह स्मिता से करते थे वैसा प्यार वह रेखा से नहीं कर पाए थे। उन्होंने कहा था कि वह सिर्फ दोस्त नहीं थे लेकिन फीलिंग्स अलग थीं।