म्यूजिक लीजेंड आर.डी बरमन जिन्होंने म्यूजिक को एक नया आयाम दिया। अपने समय से कहीं आगे सोचने वाले पंचम 27 जून यानि आज ही के दिन इस दुनिया में आए थे। आज उनकी 77वीं बर्थएनिवर्सरी है। उनके फेमस गानों और फिल्मों के बारे में तो आप जानते ही होंगे। लेकिन हम आपको बताएंगे पंचम दा से जुड़ी कुछ ऐसी बातें जो आप शायद ही जानते हों।
1- आर.डी बरमन का निकनेम पंचम था। इंडस्ट्री में भी लोग उन्हें इस नाम से पुकारते थे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनका एक नाम तुबलु भी था। ये नाम उन्हें उनकी नानी ने दिया था। उनके दूसरे और फेमस नाम पंचम के पीछे भी एक कहानी है। पंचम को अपना नाम अशोक कुमार यानि दादा मुनि से मिला था। जब अशोक कुमार ने सुना कि बच्चा बार-बार ‘पा’ शब्द बोल रहा है तो उन्होंने उसका नाम पंचम रख दिया। बरमन पर यह नाम ऐसा फिट हुआ कि सब लोग उन्हें इसी नाम से पुकारने लगे।

बरमन की रगों में बहता था संगीत
2- पंचम ने अपनी पहली कंपोजिशन 9 साल की उम्र में बनाई थी। यह 1956 में आई फिल्म फंटूश के लिए इस्तेमाल की गई थी।

3- कुछ गाने जिन्हें आप एस.डी बरमन हिट्स के तौर पर जानते हैं वो असल में पंचम के दा के थे। इनमें से कुछ हैं, ‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’ , ‘सिर जो तेरा चकराए’, ‘कोरा कागज था ये मन मेरा’।

4- जाने माने म्यूजिक डायरेक्टर लक्ष्मीकांत-प्यारे लाल आर.डी बरमन की ऑर्केस्ट्रा में इंस्ट्रुमेंट्स बजाते थे। आर.डी ने कुमार सानू, अभिजीत और मोहम्मद अजीज, शबीर कुमार जैसे कई न्यूकमर्स को पहला मौका दिया था।

5- पंचम अपने म्यूजिक में एक्सपेरिमेंट करने के लिए हमेशा तैयार रहते थे। ‘चुरा लिया’ है गाने में उन्होंने ग्लास पर चम्मच मारने की आवाज रिकॉर्ड की थी। एक बार बारिश की आवाज रिकॉर्ड करने के लिए उन्होंने पूरी रात बालकनी में बारिश में भीगते हुए बिताई थी।

6- पंचम की शादी की कहानी बेहद फिल्मी है। उन्होंने अपनी फैन रीता पटेल से शादी की थी। दोनों दार्जलिंग में मिले थे। रीता ने अपनी सहेलियों से शर्त लगाई थी कि वह बरमन के साथ मूवी डेट पर जाएंगी। बात बन गई दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने 1966 में शादी कर ली। लेकिन ये रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला और साल 1971 में दोनों अलग हो गए। परिचय फिल्म का ‘मुसाफिर हूं यारों’ गाना पंचम ने इसी दौरान होटल के एक कमरे में बैठकर लिखा था। इसके बाद 1980 में पंचम दा ने आशा भोसले से शादी की।


