इस वक्त देशभर में गणेश महोत्सव की धूम है। लोग अपने घर में, दफ्तरों में गणपति पूजन कर रहे हैं। हर साल गणपति की अलग-अलग बेहद खूबसूरत अवतार में मूर्तियां बनाई जाती हैं। इस बार अल्लू अर्जुन का क्रेज देखने को मिल रहा है। ‘पुष्पा 2’ इसी दिसंबर में 6 तारीख को रिलीज हो रही है, ऐसे में अल्लू अर्जुन के फैंस के लिए गणेश जी की मूर्ति के साथ भी कुछ क्रिएटिव किया गया है।  Pushpa 2 के गाने ‘अंगारों का अंबर सा’ के एक आइकॉनिक पोज में गणपति की मूर्ति का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विशाखापत्तनम में, ‘पुष्पा’ के एक फैन ने फिल्म के हिट गाने सूसेकी (हिंदी में अंगारों का अंबर सा) में अल्लू अर्जुन के आइकॉनिक स्टेप में भगवान को बनाया है। फैन ने सोशल मीडिया पर तस्वीर को शेयर किया, जो अब तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो गई। लोग इस मूर्ति को बनाने वाले शख्स की तारीफ कर रहे हैं।

भले ही ये फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई, लेकिन इसका गाना पहले ही काफी मशहूर हो चुका है। लोगों ने इसपर रील्स भी बनाई और इसके हुक स्टेप को कॉपी करने की कोशिश की। अब गणपति महोत्सव में इस आइकॉनिक पोज में भगवान को देखने के बाद फैंस के बीच फिल्म का क्रेज और भी बढ़ गया है।

आपको बता दें कि साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के फैन देशभर में हैं। इससे पहले भी उनकी फिल्म ‘पुष्पा’ से एक्टर का लुक गणपति की मूर्ति में इस्तेमाल  किया जा चुका है। साल 2022 में गणपति पूजा के लिए सफेद कुर्ते पजामे में अल्लू अर्जुन का ‘झुकेगा नहीं साला’ पोज के साथ गणेश भगवान की मूर्ति तैयार की गई थी।

कुछ लोग हुए नाराज

इंटरनेट पर भगवान की इस तरह की तस्वीर को देख जहां तमाम लोग खुश नजर आ रहे हैं, वहीं कुछ ऐसे भी हैं जिनका कहना है कि भगवान के साथ इस तरह की छेड़छाड़ अच्छी नहीं है। कुछ लोगों ने धार्मिक भावना आहत होने की बात भी की है। 2 साल पहले भी अल्लू अर्जुन के पोज में भगवान की मूर्ति वायरल होने पर तमाम लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी और अब भी ऐसा हो रहा है। भगवान के साथ लड़की की मूर्ति बनाने से भक्त नाराज हैं।