अल्लू अर्जुन स्टारर ‘पुष्पा 2’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अल्लू अर्जुन के बाद मेकर्स ने 5 अप्रैल को रश्मिका मंदाना का लुक जारी किया था। जिसके बाद देर शाम फिल्म के लीड एक्टर अल्लू अर्जुन ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने टीजर की डेट भी बताई है। एक्टर ने इंस्टाग्राम पर नया पोस्टर शेयर कर बताया कि फिल्म का टीजर 8 अप्रैल को आ रहा है। पोस्टर फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
इससे पहले हर एक पोस्टर के साथ अल्लू अर्जुन के किरदार को रिवील किया जा रहा था। सबसे पहले एक्टर की एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वह लाल और नीले रंग में रंगे नजर आ रहे थे और गले में नींबू की माला पहनी थी। इसके बाद दूसरे पोस्टर में घुंघरू बंधे हुए पैर की तस्वीर रिवील की गई थी। तीसरे पोस्टर में अंगूठियां पहने हुए हाथ की और अब जो पोस्टर आया है उसमें अल्लू अर्जुन के किरदार का चेहरा दिख रहा है, जिसने हाथ में त्रिशूल पकड़ा है और वह शंख बजा रहा है। कुछ भी साफ नहीं है क्योंकि लाल रंग भी उड़ता दिखाया गया है।
अल्लू अर्जुन के फैंस इस पोस्ट पर खुशी जाहिर करते हुए उनपर प्यार लुटा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “इंतजार नहीं हो रहा है।” दूसरे ने लिखा, “शानदार पोस्टर।” बता दें कि अल्लू अर्जुन की इस फिल्म का टीजर उनके जन्मदिन पर आ रहा है। इसके लिए फैंस लिख रहे हैं कि इससे अच्छा दिन नहीं हो सकता था। वहीं कुछ उन्हें जन्मदिन की बधाई भी दे रहे हैं।
बता दें कि 5 अप्रैल को रश्मिका मंदाना का भी जन्मदिन था और मेकर्स ने उनके जन्मदिन पर ही उनका लुक रिवील किया। फिल्म की श्रीवल्ली यानी रश्मिका मंदाना का लुक काफी दमदार है। मेकर्स ने एक्ट्रेस का लुक शेयर करते हुए लिखा है, “श्रीवल्ली उर्फ रश्मिका मंदाना को जन्मदिन की बधाई। पुष्पा: द रूल टीजर 8 अप्रैल को आएगा। फिल्म 15 अगस्त 2024 को दुनियाभर में रिलीज होगी।”