मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह के महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर आरोप से हंगामा मचा हुआ है। परमबीर सिंह ने अनिल देशमुख पर आरोप लगाया है कि उनकी तरफ से हर महीने 100 करोड़ रुपए वसूली के लिए कहा गया। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखकर कहा है कि सचिन वाजे ने उन्हें बताया था कि अनिल देशमुख ने उनसे हर महीने 100 करोड़ रुपए मांगे हैं। हालांकि इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से कोई पुष्टि नहीं हुई है लेकिन महाराष्ट्र में विपक्षी पार्टी बीजेपी ने गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग कर दी है। इन सभी घटनाक्रमों पर वरिष्ठ पत्रकार पुण्य प्रसून बाजपेयी ने तंज कसा है। ट्विटर पर किए गए उनके एक ट्वीट पर यूजर्स भी अपनी राय दे रहे हैं।

पुण्य प्रसून बाजपेयी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘वो दरोगा है, मंत्री से यारी है, कमिश्नर पर भारी है..सौ करोड़ वसूली की तैयारी है.. ये देश के सेवकों की जिम्मेदारी है।’ यूजर्स भी बाजपेयी के इस ट्वीट पर अपनी राय दे रहे हैं। हर्ष नाम से एक यूजर ने उन्हीं के अंदाज में लिखा, ‘वो कमिश्नर है, मुख्यमंत्री से यारी है। 100 करोड़ हर महीने की लूट जारी है।’

प्रमोद नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘इस समय कोई नहीं जानता कि सच क्या है। अच्छा रहेगा कि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले हम इंतजार कर लें। आजकल हमारा समाज षड्यंत्रों और साजिश रचने वालों से भरा हुआ है। इसलिए इंतजार करें।’

 

पंचर वाले बाबा नाम से एक यूजर ने लिखा, ‘एक मंत्री 100 करोड़ का तो मुख्यमंत्री कितने का।’ सोहेल अहमद नाम के यूजर लिखते हैं, ‘सब मदारी हैं, जनता की लाचारी है। घपले यूं ही चलते रहेंगे क्योंकि धर्म विकास पर भारी है।’

 

आपको बता दें कि इस मामले की शुरुआत तब हुई जब मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के घर के बाहर विस्फोटकों से भरी एक कार मिली थी। कार में धमकी भरा एक पत्र भी मिला था।

 

इस मामले की जांच की जिम्मेदारी असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाजे को सौंपी गई थी लेकिन बाद में यह खुलासा हुआ कि इस साजिश के पीछे उन्ही का हाथ है जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का भी तबादला होमगार्ड में कर दिया गया।