प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की भव्य शादी ने तो सुर्खियां बटोरी ही, इस पावर कपल की ड्रेस भी लोगों के कौतूहल का विषय बनी रही। प्रियंका चोपड़ा ने क्रिश्चियन वेडिंग में डिजाइनर राल्फ लॉरेन का 75 फीट लंबा गाउन पहना था। इस गाउन में डिजाइनर ने किनारों में कई सीक्रेट शब्दों को गढ़ा है। इन सीक्रेट शब्दों में कहावतें, दया, भाव, प्यार जैसे कई शब्द शामिल हैं। वही हिंदू रीति रिवाज़ों से हुई शादी में प्रियंका ने सब्यसाची द्वारा डिज़ाइन किया गया सुर्ख लाल रंग का लहंगा पहना था। प्रियंका ने हाल ही में एनडीटीवी पर अपनी वेडिंग ड्रेस के बारे में बातचीत की।
प्रियंका ने बताया – मुझे अपनी ज़िंदगी के खास दिन के लिए फैशनेबल कपड़े नहीं चाहिए थे। मैं कुछ अलग चाहती थी। मैंने अपनी दोनों ड्रेसेस रेड और व्हाइट को पर्सनलाइज़्ड किया था। मेरी ड्रेस पर नाम, तारीख, मां – बाप के नाम जैसी चीज़ें छपी थी, वो सभी चीज़ें जो मेरे लिए बेहद मायने रखती हैं। इन सब नामों को मेरे ड्रेस पर एंब्रॉयड्ररी करके लगाया हुआ था। मैं दुनिया की सबसे लंबी वेल चाहती थी और 75 फीट की वेल के साथ मैं बेहद खुश थी। मेरी आउटफिट्स मेरी पर्सनल च्वॉइस थी। इसके अलावा प्रियंका की वेडिंग स्टायलिस्ट के अनुसार, प्रियंका हमेशा से ही अपनी हिंदू वेडिंग के लिए केवल लाल कलर का जोड़ा चाहती थी।
गौरतलब है कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने एक साल तक डेट करने के बाद दोनों ने शाही अंदाज में जोधपुर के उम्मेद भवन में क्रिश्चियन और हिंदू रीति-रिवाजों से शादी रचाई। कपल ने 1 दिसंबर को क्रिश्चियन वेडिंग और 2 दिसंबर को हिंदू रिवाजों से शादी की। दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। शादी के वीडियोज को हेलो मैगजीन ने जारी किया है।