2 दिसंबर को देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा पॉपस्टार निक जोनस के साथ शादी रचाने जा रही हैं। राजस्थान के जोधपुर में शाही अंदाज़ में इस शादी का आयोजन किया जा रहा है। प्रियंका की शादी में कई विदेशी सितारों ने शिरकत की है लेकिन एक एक्ट्रेस जो सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही हैं उनका नाम है सोफी टर्नर।
हॉलीवुड की मशहूर टीवी सीरीज़ गेम ऑफ थ्रोन्स में सांसा का किरदार करने वाली सोफी को इस शो के बाद से रातोंरात सफलता हासिल हुई थी। भारत में भी इस शो के लाखों दीवाने हैं और अपने ग्लोबल कंटेंट के चलते सोफी सिर्फ हॉलीवुड ही नहीं बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में पहचानी जाने लगी हैं। सोफी दरअसल निक जोनस की फैमिली मेंबर हैं। सोफी की सगाई निक के बड़े भाई जो जोनस से हो चुकी है। जो जोनास अपने मशहूर पॉप बैंड जोनस बदर्स के लिए जाने जाते हैं। सोफी को अपने गेम ऑफ थ्रोंस रोल के लिए उनके ड्रामा टीचर ने प्रेरित किया था। गौरतलब है कि सोफी जो जोनस को 2016 से डेट कर रही हैं। उन्होंने पिछले साल सगाई की है। सोफी महज 22 साल की हैं और वे प्रियंका की जेठानी हैं हालांकि दोनों की उम्र में 14 साल का फासला है। प्रियंका और सोफी के बीच अच्छी ट्यूनिंग हैं और अक्सर इन दोनों सितारों को साथ में वक्त बिताते देखा जा सकता है।
इंग्लैंड में पली बढ़ी सोफी ने 2013 में अपने हॉलीवुड करियर की शुरूआत की थी। वे 2016 में मशहूर हॉलीवुड फिल्म एक्स मैन में जीन ग्रे का किरदार भी निभा चुकी हैं। वे साल 2019 में डार्क फीनिक्स नाम की फिल्म में नज़र आएंगी। गौरतलब है कि जोधपुर में शादी रचाने से पहले प्रियंका न्यूयॉर्क और एम्सटर्डम में दो बैचलरेट पार्टी कर चुकी हैं। अपनी आगामी फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ की शूटिंग खत्म करके प्रियंका अपना सारा समय शादी की शॉपिंग और रस्मों में लगा रही हैं। प्रियंका और निक क्रिश्चन और हिंदू रीति-रिवाज़ों के अनुसार शादी करेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियंका और निक 1 दिसंबर को क्रिश्चन वेडिंग सेरेमनी करेंगे और 2 दिसंबर को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ इस पावर कपल की शादी होगी।