रक्षा बंधन के अवसर पर आम लोगों से लेकर कई सेलेब्स तक इस त्योहार को मना रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा ने इस मौके पर अपने भाई के साथ सेल्फी पोस्ट की। खास बात ये है कि उन्होंने कैप्शन में अपने इंटरनेशनल फैंस के लिए रक्षा बंधन के महत्व को भी समझाया। प्रियंका ने लिखा कि मेरे पास भाईयों की फौज है और सिद्धार्थ चोपड़ा इस फौज का लीडर है। हैप्पी रक्षाबंधन भाई। ये मेरे सबसे पसंदीदा त्योहारों में से एक है जहां बहनें भाईयों की कलाई पर एक पवित्र धागा बांधती हैं जो भाईयों और बहनों के बीच एक खूबसूरत रिश्ते का प्रतीक भी माना जाता है। मैं अपने भाईयों के बिना अपनी ज़िंदगी की कल्पना भी नहीं कर सकती हूं।

गौरतलब है कि प्रियंका चोपड़ा तीन सालों के बाद सोनाली बोस की हिंदी फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ से बॉलीवुड में वापसी करने जा रही हैं। फिल्म में फरहान अख्तर और जायरा वसीम भी लीड किरदारों में हैं। कुछ दिनों पहले प्रियंका ने सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ से बैकऑउट कर लिया था। डायरेक्टर अली अब्बास जफर के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘भारत’ में अब सलमान और कैटरीना की जोड़ी नजर आएगी।

इसके अलावा प्रियंका, ऋतिक रोशन की फिल्म कृष 4 में भी नज़र आने वाली हैं।  वह इसके पहले कृष की दो फिल्मों का हिस्सा भी रह चुकी हैं। प्रियंका अब ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं जिसके चलते रोशन जी इस बात को लेकर स्पष्ट नहीं थे कि वह देसी फ्रैंचाइज़ी की फिल्म में लीड रोल के लिए तैयार होंगी। प्रियंका ने हाल ही में संजय लीला भंसाली और सलमान खान की फिल्मों में काम करने से भी मना कर दिया था, ऐसे में राकेश रोशन प्रियंका को लेकर निश्चिंत नहीं थे लेकिन प्रियंका रोशन एसोसिएशन के साथ कई सालों के बाद वापसी कर रही हैं।

कृष फ्रैंचाइजी के तहत बनने वाली ये चौथी फिल्म होगी। बताया जा रहा है कि ‘कृष-4’ साल 2020 में रिलीज हो सकती है। सीनियर रोशन ने बेटे ऋतिक संग फिल्म की घोषणा कर दी है हालांकि अभी तक फिल्म लीड हिरोइन का ऐलान नहीं किया गया है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियंका चोपड़ा और ऋतिक रोशन की जोड़ी ‘कृष-4’ में नजर आ सकती है। प्रियंका और ऋतिक इससे पहले ‘कृष’ (2006) और ‘कृष-3’ (2013) जैसी सफल फिल्मों में काम कर चुके हैं।