बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपनी फिल्मों और अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसी साल प्रियंका चोपड़ा का संस्मरण ‘अनफिनिश्ड’ रिलीज हुआ है, जिसमें एक्ट्रेस ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे किये। प्रियंका चोपड़ा ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव के साथ-साथ जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव का भी जिक्र किया। इसके साथ ही किताब में उन्होंने कई मजेदार किस्से भी साझा किये थे। एक्ट्रेस ने बताया था कि एक बार उन्हें अपने बॉयफ्रेंड को अलमारी में छुपाना पड़ा था। हालांकि जब उनकी आंटी को इस बारे में पता चला तो उन्होंने हंगामा कर दिया था।

प्रियंका चोपड़ा ने ‘अनफिनिश्ड’ में इस किस्से को साझा करते हुए कहा, “एक दिन मैं और बॉब आराम से एक-दूसरे का हाथ पकड़कर टीवी देख रहे थे। तभी अचानक खिड़की के पास मैंने देखा कि मेरी मौसी सीढ़ियों की तरफ बढ़ रही हैं। मैं बुरी तरह खबरा गई।”

प्रियंका चोपड़ा ने इस बारे में बात करते हुए आगे बताया, “दोपहर के दो बज रहे थे और यह उनके आने का समय नहीं होता था। बॉब बाहर नहीं जा सकता था, ऐसे में मैंने उसे तब तक अलमारी के अंदर रहने को कहा, जब तक मैं मौसी को ग्रॉसरी स्टोर न भेज दूं। हालांकि चीजें हमारे हिसाब से बिल्कुल भी नहीं चलीं।”

प्रियंका चोपड़ा ने मौसी के रिएक्शन के बारे में बताया, “आंटी ने मुझसे अलमारी खोलने के लिए कहा, मैं बुरी तरह से डरी हुई थी और कांप रही थी। क्योंकि मैंने कभी भी उन्हें इतने गुस्से में नहीं देखा था। मैंने अलमारी का दरवाजा खोला तो उसमें एक लड़का मौजूद दिखाई दिया। यह बात आंटी ने मां को बता दी थी।”

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी किताब में बताया कि इस वाकये के बाद उन्हें भारत वापस लौटना पड़ा था। बता दें कि अपनी किताब में प्रियंका चोपड़ा ने इस बात का भी खुलासा किया था कि निक जोनास उनकी मां मधु चोपड़ा को लंच पर ले गए थे, जिससे हैरान होकर उन्होंने दोनों की जासूसी भी करवाई थी। उन्होंने दोनों के पीछे सिक्योरिटी गार्ड को भेजकर उनकी तस्वीरें लेने और एक्ट्रेस को भेजने के लिए कहा था।