बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा अपने करियर में कई बड़े अवॉर्ड ​जीत चुकी हैं। बेस्ट एक्ट्रेस के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली प्रियंका किसी भी अवॉर्ड को गंभीरता से नहीं लेती। हाल ही में हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए गए इंटरव्यू के दौरान प्रियंका ने कहा कि मैं कभी भी दो अवॉर्ड की तुलना नहीं करती। हमने देखा था कि आॅस्कर अवॉर्ड के दौरान क्या हुआ,तो ऐसी चीजें हो जाती हैं। मैं किसी भी अवॉर्ड को गंभीरता से नहीं लेती। मैं इसे आगे अपने काम में एक बढ़ावे के तौर पर देखती हूं। चाहे यह अवॉर्ड भारत में हो या अमेरिका या फिर कहीं और। यह आपके टैलेंट और एक एक्टर होने की परिभाषा नहीं हो सकता।

आपको हमेशा मेहनत करते रहना है और लोग आपकी फिल्मों को कैसी प्रतिक्रिया देते हैं यह बात मायने रखती है। मैं इस बात में विश्वास रखती हूं। आपके काम के लिए आपको अवॉर्ड मिले यह अच्छा है। लेकिन आप उसे अपनी लाइफ नहीं बना सकते हैं। गौरतलब है कि प्रियंका को साल 2008 में फिल्म फैशन के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था। इसके अलावा वह पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड जीत चुकी हैं।

साल 2003 में उन्हें बेस्ट फिमेल डेब्यू अवॉर्ड मिला, साल 2004 में प्रियंका को फिल्म एतराज में दमदार नेगेटिव रोल के लिए फिल्मफेयर मिला था। साल 2015 में भी उन्हें बेस्ट सर्पोटिंग एक्ट्रेस के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। शुक्रवार (7 अप्रैल) को 64वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आयोजन हुआ। उसमें मराठी फिल्म ‘कासव’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया। इसके अलावा सोनम कपूर अभिनीत ‘नीरजा’ ने हिंदी फिल्मों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया है। वहीं अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया है। उन्हें फिल्म रुस्तम के लिए यह पुरस्कार मिला।

हालांकि अक्षय को यह अवॉर्ड मिलने के बाद उनका ट्विटर पर काफी मजाक बनाया गया। दरअसल, लोगों को उम्मीद नहीं थी कि अक्षय कुमार को यह अवार्ड दिया जाएगा। कई लोगों को लगता था कि यह अवार्ड दंगल के लिए आमिर खान को मिलना चाहिए था तो कोई अलीगढ़ फिल्म में अभिनय करने वाले मनोज वाजपेयी को अक्षय से अच्छा बता रहे थे। इसके लिए ट्विटर पर काफी लोगों ने अपना गुस्सा निकाला और कईयों ने अक्षय का मजाक भी उड़ाया।