दीपिका और रणवीर की शादी के बाद देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा भी अपनी शादी के लिए तैयार है। जोधपुर में शाही अंदाज़ में शादी रचाने जा रही प्रियंका ने हाल ही में वॉग मैगजीन को एक इंटरव्यू भी दिया। इस इंटरव्यू में प्रियंका ने निक की तारीफ करते हुए उन्हें नेशनल जीजू तक घोषित कर दिया है। प्रियंका ने अपनी सगाई से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा, ‘पूजा के समय हमें संस्कृत में प्रार्थना करनी थी। मैं उन शब्दों का ठीक से उच्चारण भी नहीं कर पा रही थी लेकिन निक ने संस्कृत में सही से उच्चारण किया। भारतीय लोग अपने ‘नेशनल जीजू’ से खासे प्रभावित दिखाई दिए।’

गौरतलब है कि प्रियंका-निक की सगाई सेरेमनी अगस्त में हुई थी। निक का पूरा परिवार इस दौरान भारत आया था और सभी पारंपरिक लुक में नजर आए थे। शादी से लिए जोधपुर रवाना होने से पहले भी इस पावर कपल का परिवार भारतीय पारंपरिक परिधानों में ही नज़र आया निक की मां भारतीय संस्कृति से काफी प्रभावित हैं। प्रियंका ने कहा, ‘दो पूरी तरह अलग संस्कृतियां और धर्म और उनकी खूबसूरती, हमारे लिए उनके दिलों में बहुत सा प्यार और अपनापन है। निक की मां को लगता है कि वह पिछले जन्म में भारतीय थीं।’ प्रियंका ने अपने और निक के एज गैप पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘निक चाहे मुझसे उम्र में कम होंगे, लेकिन मैच्योरिटी के मामले में मुझसे काफी आगे है।  वे मुझसे ज्यादा सीनियर और सीरियस लगते हैं।’

रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियंका अपनी शादी भारतीय परंपरा के अनुसार, राजस्थान के उम्मैद भवन पैलेस होटल में करेंगी। डेली मेल के अनुसार, इस होटल यानी पूरे वेडिंग वेन्यू का किराया 60,000 डॉलर पर नाइट यानी लगभग 43 लाख रुपए होगा। प्रियंका चोपड़ा ने उम्मेद भवन में शादी के लिए अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और कुछ करीबी लोगों के लिए 65 विशेष सजावट वाले रूम बुक किए हैं। यहां ठहरने वाले मेहमान सूर्यास्त के वक्त 14 सदी का चर्चित मेहरानगढ़ का किला भी अपने अपने छज्जे से देख सकेंगे। यह पैलेस और होटल 52 एकड़ में फैला हुआ है जिसमें किस्म किस्म में फूलों के बगीचे, स्वीमिंग पूल, स्पा, मसाज रूम और योगा रूम आदि हैं।