बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा को अब किसी पहचान की जरुरत नहीं है। वो इतनी बड़ी इंटरनेशनल स्टार बन चुकी हैं कि लोग उनके बारे में जानने को लेकर उत्सुक रहते हैं। बॉलीवुड में धाक जमाने के बाद इन दिनों वो हॉलीवुड में अपने हुनर का डंका बजा रही हैं। एक्ट्रेस फैंस के लिए नियमित तौर पर खुद से जुड़े अपडेट्स देती रहती हैं। आज एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की है। जिसमें वो बहुत सारे दोस्तों के साथ थैंक्स गिविंग डे सेलिब्रेट करते हुए दिखाई दे रही हैं।

इस तस्वीर को शेयर करते हुए प्रियंका ने कैप्शन दिया- मैं अपने परिवार और दोस्तों की शुक्रगुजार हूं। सभी को थैंक्स गिविंग डे मुबारक हो। मुश्किल समय में मेरे साथ खड़े रहने वाले हर शख्स की मैं आभारी हूं। आप वो परिवार हो जिसे मैंने चुना है। इसके अलावा प्रियंका ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो सब्जियां काटते हुए दिख रही हैं। इसे उन्होंने कैप्शन दिया- भगवान इस खाने की रक्षा करे। विश्वास नहीं होता मैं सब्जी काट रही हूं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका इस समय अमेरिकन टीवी सीरिज क्वाटिंको के सीजन 3 की शूटिंग कर रही हैं। शो में उनके किरदार का नाम एलेक्स पैरिश है। सीजन 3 में एक्ट्रेस बोल्ड ब्यूटीफुल दिखने के साथ-साथ खतरनाक स्टंट्स करती हुईं नजर आएंगी। सेट से उनकी कुछ तस्वीरें सामने आई थीं जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल होने लगी थीं। इस बार प्रियंका टीवी सीरीज में और भी बेहतरीन और बेबाक अंदाज में नजर आने वाली हैं। अलग दिखने के लिए उन्होंने अपने बाल भी कटवा लिए हैं।