सलमान खान की ‘प्रेम रतन धन पायो’ ने पांच दिन में 143.39 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। वर्ल्डवाइड फिल्म की कमाई 202.39 करोड़ हो गई है। फिल्म ने पहले ही दिन (गुरुवार को) 40.35 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। उसके बाद के दिनों में क्रमश: 31.05 करोड़, 30.07 करोड़, 28.30 करोड़ और 13.62 करोड़ का कलेक्शन रहा। इस तरह फिल्म ने पांच दिन में 149.32 करोड़ का बिजनेस किया।
अमेरिका में फिल्म का कलेक्शन 28 लाख डॉलर रहा। सलमान खान की फिल्म के लिए यह सबसे ज्यादा ओपनिंग वीक कलेक्शन है। ब्रिटेन में 14.2 लाख डॉलर, मध्य पूर्व में 23 लाख डॉलर, ऑस्ट्रेलिया में 4,48,711 डॉलर, न्यूजीलैंड में 1,70,454 डॉलर और पाकिस्तान में 4,86,877 डॉलर का कलेक्शन हुआ है।
सलमान खान और सोनम कपूर की यह फिल्म तीन दिन में ही सौ करोड़ के क्लब में शामिल हो गई थी। फिल्म में अनुपम खेर, स्वर भास्कर, अरमान कोहली और नील नितिन मुकेश भी हैं। फिल्म में एक शाही परिवार की कहानी है। इस परिवार के लोगों के बीच की खाई को एक बाहरी शख्स प्रेम (सलमान) कैसे पाटता है, यही इसमें दिखाया गया है। 60 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म तमिल और तेलुगु में भी रिलीज हुई है।