महीने की शुरुआत में कई बार शादी की खबरों को ठुकराने के बाद ऐसा लगता है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रिटी जिंटा अब इसके लिए तैयार हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे अपने मित्र जीन गुडएनफ के साथ शादी करेंगी। जीन को अब उनका मंगेतर बताया जा रहा है। खबरों के मुताबिक, प्रिटी अमेरिका में जीन से शादी करेंगी, इसके बाद मुंबई में अपने दोस्तों के लिए एक रिसेप्शन देंगी। हालांकि, प्रिटी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि प्रिटी शादी की तस्वीरें चैरिटी के लिए डोनेट कर सकती हैं। माना जा रहा है कि इन तस्वीरों की नीलामी से आई रकम को प्रिटी जिंटा फाउंडेशन में इस्तेमाल किया जाएगा। सूत्र के मुताबिक, प्रिटी जिंटा फाउंडेशन बच्चों की शिक्षा और बुजुर्गों के पुनर्वास की दिशा में काम करता है। प्रिटी चैरिटी से जुड़े कई अभियानों से जुड़ी हुई हैं। हालांकि, वे अपनी निजी जिंदगी पर बातचीत करना कम ही पसंद करती हैं।