टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी की मौत के मामले में उनके माता-पिता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को खत लिखकर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच से जांच करने की मांग की है। यह खत 13 अप्रैल को लिखा गया है और इसमें प्रत्युषा की मां सोमा बनर्जी के दस्तखत हैं। सीएम को भेजे खत में आरोप लगाया गया है कि प्रत्युषा के बॉयफ्रेंड और एक्टर राहुल राज सिंह ही उसकी मौत के लिए जिम्मेदार है। वह मक्कार राहुल राज सिंह के झांसे में फंस गई। राहुल ने न केवल मेरी बेटी का धोखेबाज और उसकी मौत का भी जिम्मेदार है बल्कि उसने कई मासूम लड़कियों को दगा दिया।’
पत्र में गृह राज्य मंत्री रनजीत पाटील, मुंबई पुलिस कमिश्नर दत्तात्रेय पडसालगिकर और ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर(लॉ एंड ऑर्डर) देवेन भारती को भी संबोधित किया गया है। इसमें आरोप लगाया है कि उनकी शिकायत को नही सुना गया। प्रत्युषा की मां का आरोप है कि मामले की गंभीरता से जांच करने की बजाय बांगड़ नगर पुलिस ने आरोपी को सबूत नष्ट करने का मौका दिया। खत के अनुसार,’वह (राहुल) हमें और गवाहों को भी धमकी दे चुका है। मेरी बेटी की मौत को सुसाइड का रंग दिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि उसने डिप्रेशन के चलते सुसाइड की।’
लैटर में लिखा है,’हमारी आप से अपील है कि इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को दे दी जाए ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।’ बता दें कि बालिका वधू फेम प्रत्युषा एक अप्रैल को अपने फ्लैट में पंखे से लटकी हुई मिली थी। इस मामले में प्रत्युषा के बॉयफ्रेंड राहुल राज पर सुसाइड के उकसाने का आरोप है।

