हरियाणवी गानों की पूरे उत्तर भारत में जबरदस्त लोकप्रियता है। शादी में लोग हरियाणवी गानों पर ठुमके लगाते हुए नजर आते हैं। अब हरियाणवी गाने यूट्यूब और डीजे पर पंजाबी गानों को जबरदस्त टक्कर दे रहे हैं। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान से बाहर भी हरियाणवी गानों को खूब सुना और देखा जा रहा है। डीजे पर धमाल मचाने वाले हरियाणवी गानों को अब यूट्यूब पर भी लोगों का भरपूर प्यार मिल रहा है। हरियाणवी स्टार प्रांजल दहिया का नया गाना ‘डीजे बजवादूंगी – 3′ रिलीज हो गया है।

गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कल (12 दिसंबर 2020 को) रिलीज हुए इस गाने को‌ यूट्यूब पर 6 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस गाने को मुकेश जाजी ने लिखा है जबकि गाया रेणुका पंवार ने है। इस गाने में प्रांजल दहिया के साथ नवीन नारू नजर आए हैं। यह हरियाणवी गाना ‘ड्रीम रिकॉर्ड्स’ नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। 3 मिनट 10 सेकेंड का यह गाना दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है।

यह गाना दबंग हरियाणावी लड़की पर फरमाया गया है। प्रांजल दहिया इस गाने में दबंग अंदाज में नजर आई हैं। इस गाने के शब्द हैं ‘मैं आउंगी बरात ले के तन्ने ब्याह क ले जांगी, या त राजी-राजी यस कर दे ना त ठा कर ले जांगी’। प्रांजल दहिया का पिछले महीने आया गाना ‘52 गज का दामन’ भी जबरदस्त वायरल हुआ था। इस गाने को अब तक यूट्यूब पर 158 मिलियन बार से ज्यादा देखा जा चुका है। यूट्यूब पर गानों के अलावा वो स्टेज डांसर के रूप में भी परफॉर्म करती हैं। सपना चौधरी के अलावा प्रांजल दहिया का स्टेज डांस भी बेहद लोकप्रिय है। उनकी कई स्टेज डांस वीडियो जबरदस्त वायरल हो चुकी हैं।

‘पटाखा पाकिस्तान का’ गाने से मिली थी असली पहचान : हरियाणवी गानों में प्रांजल दहिया को असली पहचान ‘बॉर्डर पर देखा पटाखा पाकिस्तान का’ गाने से मिली थी। इस गाने को हरियाणा के जाने पहचाने सिंगर मुकेश फौजी ने गाया था। इस साल की शुरुआत में आया उनका गाना ‘नाचूंगी डीजे फ्लोर पर’ भी जबरदस्त हिट हुआ था। इस गाने को अबतक 57 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस गाने में प्रांजल दहिया दबंग अंदाज में डीजे पर नाचती हुई नजर आई थीं।