मशहूर कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर मीशा अग्रवाल का निधन हो गया है और इस खबर ने सोशल मीडिया को हिलाकर रख दिया है। मीशा के निधन की खबर उन्हीं के इंस्टाग्राम हैंडल पर दी गई, जिसपर उनके फैंस यकीन नहीं कर पाए। उन्हें लगा कि मीशा ये किसी तरह का प्रैंक करने की कोशिश कर रही हैं, मगर उनकी बहन और दोस्तों की इंस्टाग्राम स्टोरी से ये कंफर्म हो गया कि मीशा अब इस दुनिया में नहीं रहीं। अपने 25वें जन्मदिन से ठीक दो दिन पहले मीशा का निधन हो गया। 25 अप्रैल को उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया गया जिसमें उनके निधन की पुष्टि हुई।
मीशा अपने हटके कंटेंट के लिए जानी जाती थीं और इसी कारण उनके हजारों फॉलोअर्स हैं। मीशा ने डिजिटल दुनिया पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उनके अचानक निधन की खबर ने इंटरनेट पर खलबली मचा दी है, उनके फैंस, दोस्त और साथी क्रिएटर सदमे में हैं।
मीशा के निधन की खबर देते हुए उनके इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा गया, “हम बहुत भारी मन से मीशा अग्रवाल के निधन की दुखद खबर शेयर कर रहे हैं। आप सभी ने उन्हें और उनके काम को जो प्यार और समर्थन दिया, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। हम अभी भी इस अपार क्षति से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। कृपया उन्हें अपने विचारों में रखें और उनकी आत्मा को अपने दिलों में संजोए रखें।”
पोस्ट शेयर होने के तुरंत बाद मीशा की बहन मुक्ता अग्रवाल ने कमेंट किया, “दोस्तों, कृपया घबराएं नहीं। आप इस खबर को जानने के हकदार हैं, यही वजह है कि हम अभी अपडेट शेयर कर रहे हैं। हम इस समय ये बताने की स्थिति में नहीं हैं कि यह कैसे और क्यों हुआ। कृपया अपना ख्याल रखें।”
जब से यह खबर आई है, सोशल मीडिया पर कमेंट्स की लाइन लग गई है। सोशल मीडिया पर फैंस अपने दिल की बात कह रहे हैं और मीशा के निधन की खबर पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। कई लोगों ने तो ये भी सवाल उठाया कि क्या ये मजाक था। एक यूजर ने लिखा, “ये दिल दहला देने वाला है। मीशा बहुत प्रतिभाशाली और मेहनती थी। मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि परिवार किस दौर से गुजर रहा होगा।” मशहूर कंटेंट क्रिएटर्स भी उन्हें लेकर पोस्ट कर रहे हैं।