साल 2021 में मशहूर एक्टर पर्ल वी पुरी पर एक नाबालिग लड़की से रेप का आरोप लगा था। जिसके कारण उन्हें 11 दिनों तक जेल में रहना पड़ा था। इन दिनों वह अपनी डेब्यू फिल्म ‘यारियां 2’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में दिए इंटरव्यू में पर्ल वी पुरी ने उस बुरे वक्त को याद किया और बताया कि जब वह जेल में थे तो उनके दिमाग में मरने के ख्याल आया करते थे।

सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में पर्ल वी पुरी ने उस वक्त को जीवन का सबसे बुरा वक्त बताया है। एक्टर का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया है और उसके बाद भी किसी ने उन्हें झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया। जेल में बिताए दिनों को याद करते हुए पर्ल ने बताया कि उनके लिए हर दिन मरने जैसा था। एक्टर ने कहा कि जेल में उनके पास एक पेन था और उनके मन में पेन से खुद को खत्म करने का ख्याल आया था।

पर्ल ने पूरा किस्सा सुनाते हुए कहा, “मैं हर दिन मरा हूं जेल में। मैं बता भी नहीं सकता। 11 दिन मेरे पास एक पेन था और मैंने फिल्म में देखा था कि पेन से हो जाता है। मुझे पता था ऐसा होता है। 11वें दिन मैंने सोच लिया था ये होने वाला है क्योंकि पापा जा चुके थे। मम्मी इतना ज्यादा बीमार थी, मुझे पता ही नहीं था क्या हालत हो रही होगी उनकी वहां। मुझे पता ही नहीं था कि मैं कर क्या रहा हूं।”

पुलिसवाले से लिया था पेन

पर्ल पुरी ने ये भी बताया कि वह 108 बार हनुमान चालिसा का पाठ कर रहे थे और संकल्प पूरा होने से पहले उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म करने का सोचा। एक्टर ने बताया कि उन्होंने वो पेन पुलिसवाले से ये कहकर लिया था कि उन्हें लिखने का शौक है। जबकि उनका मकसद अपनी लाइफ खत्म करना था।

आपको बता दें कि ‘नागिन 3’ फेम पर्ल पुरी को साल 2021 में नाबालिग से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पर्ल समेत 5 अन्य लोग इस मामले में गिरफ्तार हुए थे। उनपर नाबालिग लड़की के साथ काम दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। हालांकि वह 11 दिन बाद जेल से बाहर आ गए थे। जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए अपना दुख जाहिर किया था।

पर्ल वी पुरी ने लिखा था, “जीवन में लोगों को परखने का अपना तरीका है। मैंने कुछ महीने पहले अपनी नानी मां को खो दिया, फिर उनके 17वें दिन मैंने अपने पिता को खो दिया, जब मेरी मां को कैंसर हो गया और फिर यह भयानक आरोप। पिछले कुछ सप्ताह मेरे लिए बहुत कष्टदायक थे।”