बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को लॉरेंस गैंग से धमकी मिली है, उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। एक ऑडियो भी सामने आया है जिसमें साफ-साफ कहा गया है कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो सिंगर को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। इससे पहले भी लॉरेंस गैंग की तरफ से कई बॉलीवुड दिग्गजों को ऐसे ही धमकी दी गई है। सुपरस्टार सलमान खान को भी लगातार इस गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक लॉरेंस गैंग की तरफ से पंजाबी सिंगर दिलनूर को कॉल किया गया था। उसी कॉल में दिलनूर को बताया गया कि बी प्राक को धमकी दी गई। यह कॉल खुद लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से नहीं आया बल्कि उसके साथी आरजू बिश्नोई ने किया। ऑडियो कॉल में सुनाई दे रहा है कि बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की मांग की जा रही है और इसके लिए एक हफ्ते का वक्त दिया गया है।
यह भी कहा गया कि वह चाहे किसी भी देश में क्यों न चले जाएं, उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। संदेश में चेतावनी दी गई कि अगर उनके साथ या आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आया तो गंभीर नुकसान पहुंचाया जा सकता है। धमकी देने वालों ने यह भी कहा कि इस संदेश को फर्जी कॉल या मजाक न समझा जाए। संदेश में आगे कहा गया कि अगर तय समय में मांग पूरी नहीं हुई, तो इसके गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
कौन हैं बी प्राक, क्या है उनकी कहानी?
बी प्राक बचपन से ही सिंगर बनना चाहते थे, लेकिन उनके पिता को लगता था कि उन्हें म्यूजिक डायरेक्टर बनना चाहिए क्योंकि बी प्राक मुंह से म्यूजिक बनाया करते थे। बी प्राक जब म्यूक सिखने जाते थे तब उनके पिता उन्हें रोज 30 रूपये दिया करते थे। उनके पिता चाहते थे कि वो खुद की लगन और मेहनत से आगे बढ़े।
बी प्राक पंजाबी सिंगर जैजी बी जैसा बनना चाहते थे। उन्होंने जेबी स्टूडियो से म्यूजिक बनाना सिखा। सरस्वती सिंह नामक म्यूजिक कम्पोजर ने उन्हें म्यूजिक बनाना सिखाया। 2 साल म्यूजिक सिखने के बाद भी उन्हें काम नहीं मिला। इसी दौरान गीतकार जानी ने उन्हें फोन किया और बी प्राक को एक प्रोजेक्ट के बारे में बताया जिसे वो करने के लिए राजी हो गए।
इसी दौरान उनकी मुलाकात हार्डी संधु से हुई और इन्होंने मिलकर “सोच तो पारे” गाना बनाया। गीतकार जानी ने गाना लिखा, बी प्राक ने इस गाने में म्यूजिक दिया। वहीं हार्डी संधु ने गाने को गाया और यहीं से इनकी जिंदगी बदल गई। इसके बाद भी बी प्राक म्यूजिक ही कम्पोज किया करते थे, पर उनका सपना तो सिंगर बनने का था। साल 2015 में बी प्राक ने गाना बनाया Mann Bharrya। इस गाने को हिंदी में लिखा गया था, बाद में गीतकार जानी ने इसे पंजाबी में लिखा। साल 2017 में बी प्राक ने इस गाने को गाया और ये गाना सुपरहिट हुआ।
इसके बाद उन्होंने एक से बढ़ कर एक हिट गाने दिए। उन्होंने अक्षय कुमार की फिल्म केसरी में Teri Mitti गया। इस गाने ने बी प्राक को आसमान की बुलंदियों पर पहुंचा दिया। इस गाने के लिए उन्हें 67वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला।
