कुछ भोजपुरी सितारे उत्तर भारत में बेहद लोकप्रिय हैं। ऐसे ही एक भोजपुरी स्टार हैं पवन सिंह। उनके गाने रिलीज होते ही यूट्यूब पर ट्रेंड करने लगते हैं। पवन सिंह का नया भोजपुरी गाना ‘छपरा से आवता डांसर’ रिलीज होते ही यूट्यूब पर धमाल मचा रहा है। इस गाने में पवन सिंह ने अपनी आवाज भी दी है।

दो दिन पहले रिलीज हुए इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाने को अब तक 4.6 मिलियन बार देखा जा चुका है। यह गाना ‘वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी’ नाम के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। इस गाने को अजय बच्चन ने लिखा है जबकि म्यूजिक छोटू रावत ने दिया है। ‘छपरा से आवता डांसर’ गाने को यूट्यूब पर जबरदस्त शेयरिंग और लाइक्स भी मिल रहे हैं।

पवन भोजपुरी इंडस्ट्री के जाने-पहचाने एक्टर और सिंगर हैं। इससे पहले भी उनके कई गाने जबरदस्त हिट हो चुके हैं। कुछ महीने पहले आए पवन सिंह का गाने ‘दुगो रखले बानी’ और ‘मीठा मीठा बथे कमरिया’ जबरदस्त हिट साबित हुए थे। इन गानों को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था। इनके अलावा कुछ महीने पहले आया पवन सिंह का गाना ‘कमरिया’ भी जबरदस्त हिट हुआ था। इस गाने को अब तक 73 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

‘लॉलीपॉप लागेलू’ गाने से पवन सिंह को मिली थी पहचान : भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को असली पहचान कुछ साल पहले आए गाने ‘लॉलीपॉप लागेलू’ से मिली थी। यह गाना भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय गानों में से एक है। यह गाना इतना हिट हुआ है कि पश्चिमी उत्तरप्रदेश और हरियाणा के लोग भी इस गाने पर ठुमके लगाते नजर आते हैं। वेव म्यूजिक पर रिलीज हुए इस गाने ने लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।

भाजपा के लिए प्रचार कर चुके हैं पवन सिंह : भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह राजनीति में बेहद सक्रिय रहे हैं। 2017 में पवन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली थी। 2019 लोकसभा चुनाव में पवन सिंह भाजपा के प्रत्याशियों के लिए प्रचार करते हुए भी नजर आए थे।