Parineeti chopra: परिणीति चोपड़ा इन दिनों सायना नेहवाल बनने पर सारा ध्यान दे रही हैं। दरअसल, परिणीति चोपड़ा सायना नेहवाल की बायोपिक में उनका किरदार निभाती नजर आएंगी। ऐसे में एक्ट्रेस अपनी मेहनत में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहतीं। इन दिनों परिणीति सायना नेहवाल की तरह लगातार प्रैक्टिस करती देखी जा रही हैं। हाल ही में परिणीति ने अपने इंस्टाग्राम से एक पोस्ट शेयर किया जिसमें परिणीति की दो तस्वीरें दिखाई दीं। इन तस्वीरों में परिणीति काफी मेहनत करतीं दिखीं तो वहीं दूसरी तस्वीर में परिणीति थक कर चूर नजर आईं।
परिणीति की पहली तस्वीर में वह जबरदस्त खिलाड़ी की तरह खेल (बेडमिंटन) खेलती दिख रही हैं। तो दूसरी तस्वीर में परिणीति काफी थकी और जमीन पर निढाल पड़ी दिख रही हैं। देखें सायना नेहवाल बनने चलीं परिणीति चोपड़ा का कैसा हो गया है हाल…
परिणीति चोपड़ा ने अपने इस पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है- ‘पहले और बाद में। सायना नेहवाल तुम ये कैसे करती हो। #ट्रेनिंग #सायना नेहवाल बायोपिक # अक्टूबर में शूट’। बता दें, इस फिल्म में पहले परिणीति चोपड़ा की जगह श्रद्धा कपूर को लिया गया था। श्रद्धा कपूर ने इस फिल्म में सायना का किरदार निभाने के लिए कड़ी मेहनत और प्रैक्टिस भी शुरू कर दी थी। लेकिन बाद में श्रद्धा ने इस प्रोजेक्ट से अपने पैर पीछे खींच लिए थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रद्धा अपने बाकी दूसरे प्रोजेक्ट्स में काफी बिजी थीं और सायना की बायोपिक को समय नहीं दे पा रही थीं। अब इसके बाद परिणीति ने श्रद्धा को रिप्लेस किया और वह इस फिल्म में सायना का रोल निभाती नजर आएंगी। श्रद्धा कपूर की भी ऐसी तस्वीरें सामने आई थीं जिसमें वह सायना की तरह बेडमिंटन पकड़े खेलती दिखी थीं। खबरें तो ये भी थीं कि श्रद्धा को खेल में तैयार करने के लिए दीपिका पादुकोण के पिता प्रकाश पादुकोण भी उनकी मदद कर रहे थे। फिलहाल अब फिल्म में परिणीति होंगी और अक्टूबर में फिल्म की शूटिंग शुरू की जाएगी।