अपने जमाने की शानदार एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरी ने अपने करियर की शुरुआत बहुत छोटी सी उम्र में ही कर ली थी। एक्ट्रेस को उस वक्त टॉप के फिल्ममेकर राज कपूर ने नोटिस किया था और अपनी फिल्म में लाए थे। फिल्म ‘सत्यम शिवम सुन्दरम’ में ‘यशोमती मैया से बोले नंदलाला’ गाना से छोटी सी पद्मिनी काफी पॉपुलर हो गई थीं। फिर एक्ट्रेस पद्मिनी ने ‘प्रेम रोग’ में अपनी खूबसूरत परफॉर्मेंस दे कर लोगों के दिल जीत लिए।

टीओआई के मुताबिक पद्मिनी कोल्हापुरी बताती हैं कि उन्हें उस समय एक से बढ़कर एक फिल्में ऑफर हो रही थीं लेकिन पद्मिनी ने कई सुपरहिट फिल्मों को करने से इनकार कर दिया था। उनमें से एक फिल्म थी ‘राम तेरी गंगा मैली’। इस फिल्म में राजीव कपूर और मंदाकिनी ने लीड प्ले किया था। फिल्म के गाने भी सुपरहिट रहे थे। इस फिल्म के लिए मंदाकिनी से पहले पद्मिनी कोल्हापुरी को अप्रोच किया गया था।

 इस वजह से छोड़ दी थी राम तेरी गंगा मैली: पद्मिनी को फिल्म राम तेरी गंगा मैली के लिए खूब मनाया गया। लेकिन पद्मिनी इसके लिए मानी नहीं। मंदाकिनी के रोल के लिए राज कपूर काफी समय तक कोल्हापुरी के पीछे पड़े रहे थे। लेकिन पद्मिनी फिर भी इस रोल के लिए हामी भरने को तैयार नहीं हुईं। इसके पीछे की वजह थी – ‘किस’। फिल्म में एक सीन था जिसमें पद्मिनी और राजीव कपूर के बीच किसिंग सीन फिल्माया जाना था। उस सीन के बारे में जब पद्मिनी को पता चला तो उन्होंने इस रोल को ठुकरा दिया।

पद्मिनी के लिए फिल्म री-शूट करने को तैयार थे राज कपूर: इस बारे में खुद पद्मिनी बताती हैं- ‘फिल्म में एक किस सीन था जिसे मैं नहीं करना चाहती थी। बात सिर्फ राजीव के साथ किस करने को लेकर नहीं थी। बात सिर्फ ये थी कि मैं कंफर्टेबल नहीं थी कि स्क्रीन पर किसी को किस करूं। 45 दिनों के शेड्यूल के बाद मंदाकिनी संग काम करते हुए भी एक बार राज जी ने मुझसे पूछा था कि अगर मैं इसे करना चाहूं तो हां कह सकती हूं।’ पद्मिनी कहती हैं कि उनके साथ राज कपूर इस फिल्म को री-शूट करने को तैयार थे। लेकिन तब तक पद्मिनी के पास और प्रोजेक्ट्स आ चुके थे जिनको लेकर वह कमिटमेंट दे चुकी थीं।

वह बताती हैं कि हालांकि इससे कभी भी उनके रिश्तों में कोई फर्क नहीं आया। राज कपूर पद्मिनी से नाराज नहीं हुए। लेकिन फिर पद्मिनी को राज कपूर ने हिना ऑफर नहीं की थी। इसके पीछे की वजह एक्ट्रेस ने बताई ‘क्योंकि तब तक मेरी शादी हो चुकी थी।’

बता दें, पद्मिनी ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में छोड़ी थीं। फिल्म राम तेरी गंगा मैली उस जमानी की सुपरहिट फिल्म रही थी। इसके अलावा भी और कई फिल्में थीं जिसके लिए पद्मिनी ने सीधे तौर पर मेकर्स को ना कर दी थी। पद्मिनी ने बताया- ‘रति अग्निहोत्री की फिल्म ‘एक दूजे के लिए’  भी उन्हें ऑफर हुई थी।

ये फिल्में भी गिरी थीं पद्मिनी कोल्हापुरी की झोली में: फिल्म सिलसिला में अमिताभ बच्चन के साथ भी पद्मिनी को काम करने का मौका मिला था। उस वक्त रेखा का रोल पद्मिनी को ऑफर हुआ था। लेकिन पद्मिनी इस रोल के लिए भी नहीं मानीं। फिल्म ‘तोहफा’ में जो रोल श्रीदेवी को मिला था वह रोल पहले पद्मिनी के पास पहुंचा था। लेकिन पद्मिनी ने ये रोल भी ठुकरा दिया था। पद्मिनी ने इसके पीछे का रीजन दिया था कि – जो भी फिल्म आपके पास आए, आप हर फिल्म को एक्सेप्ट नहीं कर सकते हो।