मनोरंजन जगत में आए दिन कुछ ना कुछ नया रिलीज होता रहता है। बीते दिन सिनेमाघरों में अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ रिलीज हुई। इसी के साथ अजय देवगन की फिल्म ‘मैदान’ ने भी दस्तक दी। दोनों ही फिल्मों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसके अलावा ओटीटी पर हाल ही में परिणीति चोपड़ा और दिलजीत दोसांझ की फिल्म रिलीज हुई। इस फिल्म को भी काफी पसंद किया जा रहा है। वहीं अब अप्रैल का तीसरा हफ्ता धमाकेदार होने वाला है। इस हफ्ते कई फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली हैं। चलिए आपको बताते हैं कि ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5, नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, सोनी लिव पर कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज रिलीज होने जा रही हैं।
साइलेंस 2- द नाइट आउल बार शूटआउट
यह एक मर्डर मिस्ट्री थ्रिलर है। यह साल 2021 में रिलीज हुई साइलेंस का सीक्वेल है। साइसेंस 2, 16 अप्रैल को जी5 पर रिलीज होने जा रही है। कहानी में मनोज बाजपेयी एक बार फिर एसीपी अविनाश वर्मा बनकर लौटे हैं जिसे मुंबई के नाइट आउल बार में फाइरिंग की जांच करने के लिए बुलाया जाता है। सीधे ओटीटी पर रिलीज होने वाली मनोज की यह पांचवीं फिल्म है।
एनीवन बट यू
यह एक ऐसे कपल की कहानी है, जो ऑस्ट्रेलिया में शादी में उपस्थित रहने के लिए आदर्श कपल होने का दिखावा करते हैं। एलेक्जेंड्रा शिप, गाटा, हेडली रॉबिन्सन, मिशेल हर्ड, डर्मोट मुलरोनी, डेरेन बार्नेट, ब्रायन ब्राउन और राचेल ग्रिफिथ्स अमह भूमिकाओं में हैं। यह नेटफ्लिक्स पर 19 अप्रैल को रिलीज होगी।
सायरन
इसकी कहानी एक एम्बुलेंस ड्राइवर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपराधी बन जाता है और जेल से रिहा होने का इंतजार करता है, लेकिन इसमें 14 साल लग जाते हैं। यह 19 अप्रैल को डिज्नी+हॉटस्टार पर रिलीज होगी।
सी यू इन अनॉदर लाइफ
यह स्पेनिशन क्राइम ड्रामा मिनी सीरीज है। इसकी कहानी एक सच्ची घटना से प्रेरित है। यह 17 अप्रैल को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी।
द सीक्रेट स्कोर
यह फैंटेसी म्यूजिकल थ्रिलर सीरीज है, जिसमें कुछ बच्चों को जादुई गीत मिलता है, जो उन्हें एक अलग दुनिया में ले जाता है। यह 17 अप्रैल को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी।
आर्टिकल 370
प्रियामणि और यामी गौतम स्टारर फिल्म ‘आर्टिकल 370’ सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर स्ट्रीम होने जा रही है। फिल्म में अरुण गोविल, वैभव तत्ववादी, स्कंद ठाकुर और अश्विनी कौल मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने की कहानी पर आधारित है। ‘आर्टिकल 370’ 19 अप्रैल को जियो सिनेमा पर रिलीज होगी।
काम चालू है
फिल्म ‘काम चालू है’ 19 अप्रैल से जी5 पर स्ट्रीम होगी। इस फिल्म में राजपाल यादव एक ऐसे पिता के किरदार में हैं जो अपनी बेटी का शव कंधे पर ढोता है और फिर उसके इंसाफ की लड़ाई लड़ता है। इसमें राजपाल यादव के साथ जिया मानेक भी हैं।
रिबेल मून पार्ट 2
यह जैक स्नायडर की स्पेस एडवेंचर फिल्म का दूसरा और अंतिम भाग है। यह नेटफ्लिक्स पर 19 अप्रैल को रिलीज होगी।
चीफ डिटेक्टिव 1958
यह कोरियन वेब सीरीज है, जिसमें रेट्रो क्राइम इनवेस्टिगेशन ड्रामा दिखाया गया है। यह जिओ सिनेमा पर 19 अप्रैल को रिलीज होगी।