2016 के लिए ऑस्कर अवॉर्ड्स का एलान कर दिया गया है। लियोनार्डो डिकैप्रियो को ‘‘द रेवनैंट’’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और ब्री लार्सन को ‘‘रूम’’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ऑस्कर पुरस्कार मिला। कैप्रियो ऑस्कर्स में नॉमिनेट होने के बावजूद अवॉर्ड न मिलने की परंपरा को तोड़ते हुए इस बार बेस्ट एक्टर चुने गए। बता दें कि इस कार्यक्रम को लॉस एंजिलिस के मशहूर डॉल्बी थिएटर में रखा गया था।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता: लियोनार्डो डिकैप्रियो (फिल्म-द रेवनैंट)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री: ब्री लार्सन (फिल्म-रूम)
सर्वश्रेष्ठ फिल्म: स्पॉटलाइट (डायरेक्टर-टॉम मैकार्थी)
सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता: मार्क रेलांस (फिल्म-ब्रिज ऑफ स्पाइज)
सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री: एलिसिया विकंदर (फिल्म-द डैनिश गर्ल)
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: एलेजांद्रो गोंजालेज इनारितु (फिल्म-द रेवनैंट)
सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म: ‘‘सन ऑफ साउल’’ (हंगरी)
सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री: आसिफ कपाड़िया (फिल्म-एमी)
ब्रिटेन के स्टार को बेस्ट को-एक्टर का अवॉर्ड
ब्रिटेन के स्टार मार्क रेलांस को शीतयुद्ध काल पर आधारित स्टीवन स्पीलबर्ग की ‘‘ब्रिज ऑफ स्पाइज’’ में केजीबी एजेंट रूडोल्फ हाबिल की शानदार भूमिका निभाने के लिए सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता (को-एक्टर) के ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 56 वर्षीय रेलांस ने सिल्वेस्टर स्टेलॉन (क्रीड) को पछाड़कर ऑस्कर जीता। स्टेलॉन को गोल्डन ग्लोब्स और बाफ्टा जीतने के बावजूद ऑस्कर से खाली हाथ लौटना पड़ा। रेलांस ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए कहा, ‘‘मेरे लिए हमारे समय के सबसे महान कहानीकार स्टीवन स्पीलबर्ग के साथ काम करना सम्मान की बात है। मैं बहुत खुश हूं कि हमारी फिल्म को कई बार नामांकन मिला। इस समय सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता का पुरस्कार पाकर बहुत अच्छा लग रहा है।’’ रेलांस ने अपने भाषण में श्रेणी में नामित अन्य अभिनेताओं स्टेलॉन, क्रिस्टियन बेल (द बिग शॉट), टॉम हार्डी (द रेवेनेंट) और मार्क रफेलो (स्पॉटलाइट) का भी जिक्र किया।
‘स्पॉटलाइट’ में दिखाया गया कैथोलिक चर्च में बाल यौन शोषण का मामला
कैथोलिक चर्च में बाल यौन शोषण के मामलों का खुलासा करने वाले बोस्टन ग्लोब के संवाददाताओं के एक समूह की कहानी बयां करने वाली ‘‘स्पॉटलाइट’’ ने 88वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार अपने अपने नाम किया। इस फिल्म का निर्देशन टॉम मैकार्थी ने किया है। यह फिल्म वर्ष 2001 की पृष्ठभूमि में बनी है जब स्पॉटलाइट की टीम ने एक घोटाले की जांच शुरू की और अंतत: बच्चों के यौन उत्पीड़न के मामले का खुलासा किया। इस टीम के काम के कारण समाचार पत्र द बोस्टन ग्लोब को 2003 में सार्वजनिक सेवा के लिए पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार निर्माता माइकल शुगर ने स्वीकार किया। ‘‘स्पॉटलाइट’’ ने इस वर्ग में ‘‘द रेवनैंट’’, ‘‘मैड मैक्स: फ्यूरी रोड’’, ‘‘द बिग शॉर्ट’’, ‘‘कैरोल’’, ‘‘ब्रूकलिन’’, ‘‘ब्रिज ऑफ स्पाइज’’, ‘‘द मार्शन’’ और ‘‘रूम’’ जैसी बेहतरीन फिल्मों को पछाड़कर यइ पुरस्कार जीता।
स्वीडिश एक्ट्रेस एलिसिया विकंदर ने जीता सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री का ऑस्कर
उभरती स्वीडिश अभिनेत्री एलिसिया विकंदर ने टॉम हूपर की ‘द डैनिश गर्ल’ में चित्रकार ग्रेडा वेगेनर की भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेत्री का ऑस्कर पुरस्कार जीता। यह फिल्म सेमी बॉयोग्राफिकल ड्रामा है, जो डेविड एबरशॉफ के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है। यह फिल्म लिली एल्बे (एडी रेडमायने) की जिंदगी के बारे में बताती है, जो कि लिंग पुनर्निधारण सर्जरी करवाने वाले शुरूआती लोगों में से एक हैं। एलिसिया ने ग्रेडा के किरदार को अपने शानदार अभिनय के साथ जीवंत किया। वह फिल्म में एक ऐसी महिला बनी हैं, जिसे अपने पति के महिला बनने के फैसले को लेकर संघर्ष करना पड़ता है लेकिन अंतत: वह खुद ही उनके लिए सबसे बड़ा नैतिक समर्थक बन जाती हैं। 27 साल की एलिसिया की जीत की घोषणा ने कई लोगों को हैरानी में डाल दिया क्योंकि उनका मानना था कि यह पुरस्कार गोल्डन ग्लोब और बाफ्टा पुरस्कार जीत चुकीं केट विंसलेट को ही मिलेगा।
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ऑस्कर पुरस्कार जीतकर इनारितु ने रचा इतिहास
मेक्सिको के फिल्मकार एलेजांद्रो गोंजालेज इनारितु ने ‘‘द रेवनैंट’’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का अकादमी पुरस्कार जीतने के साथ ही ऑस्कर में नया इतिहास रच दिया है। वह पहले व्यक्ति बन गए हैं जिन्हें पिछले 65 वर्षों में लगातार दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के ऑस्कर पुरस्कार से नवाजा गया है। वह पहले ऐसे निर्देशक बन गए हैं जिन्होंने 1950 के बाद लगातार दो वर्ष सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ऑस्कर पुरस्कार जीता है। इससे पहले जॉन फोर्ड ने 1940 और 1941 में और जोसफ एल मैन्किएविक्ज ने 1949 एवं 1950 में यह पुरस्कार जीता था। इनारितु ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए कहा, ‘‘मुझे यकीन नहीं हो रहा कि ऐसा हो रहा है। इस पुरस्कार को प्राप्त करना बहुत शानदार अनुभव है। मैं यह पुरस्कार अपनी कास्ट, सहकर्मियों और क्रू के सदस्यों के साथ बांटना चाहता हूं जिनके कारण यह फिल्म बनी।’’ इस वर्ग में इनारितु ने जॉर्ज मिलर (मैड मैक्स: फ्यूरी रोड), टॉम मैकार्थी (स्पॉटलाइट), एडम मैके (द बिग शार्ट) और लेनी अब्राहमसन (रूम) को हराकर पुरस्कार जीता।
भारतीय मूल के ब्रिटिश को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का ऑस्कर
भारतीय मूल के ब्रितानी फिल्मकार आसिफ कपाड़िया की ‘एमी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री के लिए ऑस्कर पुरस्कार मिला है। यह डॉक्यूमेंट्री गायिका एमी वाइनहाउस की जिंदगी और महज 27 साल की उम्र में उनकी त्रासदीपूर्ण मौत की तीखी पड़ताल करती है। इस डॉक्यूमेंट्री के लिए गोल्डन ग्लोब और बाफ्टा पुरस्कार जीत चुके कपाड़िया ने वाइनहाउस को श्रद्धांजलि दी। एमी वाइनहाउस का निधन 2011 में ड्रग और एल्कोहल से लड़ाई लड़ने के बाद हो गया था। एमी की मौत की खबर सनसनीखेज अखबारों में छाई रही थी।कपाड़िया की डॉक्यूमेंट्री का मुकाबला ‘कार्टेल लैंड’, ‘द लुक ऑफ साइलेंस’, ‘व्हाट हैपन्ड मिस सिमोन?’, ‘विंटर ऑन फायर: यूक्रेन्स फाइट फॉर फ्रीडम’ से था।
ऑस्कर अवॉर्ड्स पर विवाद भी
अभिनेता एवं हास्य कलाकार क्रिस रॉक ने 88वें अकादमी पुरस्कार के शुरूआती भाषण में अपनी व्यंग्यात्मक शैली में सामाजिक विषयों से लेकर हॉलीवुड में नस्लवाद पर टिप्पणियां की। नस्लवाद का मुद्दा पुरस्कारों के इस सत्र में चर्चा का प्रमुख विषय रहा है। ‘सेटरडे नाइट लाइव’ के स्टार ने दूसरी बार ऑस्कर पुरस्कारों की मेजबानी की है और इस बार उन्होंने इसकी शुरूआत नामांकन सूची में शामिल श्वेत लोगों की बहुलता को लेकर की। इस स्थिति को ट्विटर पर हैशटैग ‘ऑस्कर्स सो व्हाइट’ नाम से प्रचारित किया गया है। पुरस्कार समारोह की शुरूआत बीते साल की फिल्मों की झलकियों के साथ हुईं। सफेद जैकेट और काली पैंट पहनकर आए रॉक ने मंच संभालते ही कहा, ‘‘मैंने इन झलकियों में कम से कम 15 अश्वेत लोग गिने।’’ रॉक ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘मैं यहां अकादमी पुरस्कारों में हूं, जिसे अन्यथा व्हाइट पीपल च्वाइस अवॉर्ड्स कहा जाता है। यदि वे प्रस्तोताओं का भी नामांकन करते तो मुझे यह काम न मिल पाता।’’
ऑस्कर की नामांकन सूची में सभी नामांकन श्वेत लोगों के होने के खिलाफ प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने टीवी प्रस्तोता अल शार्पटन के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 88वें एकेडमी अवॉर्ड्स के समारोह में अपना विरोध दर्ज कराते हुए रेड कारपेट के पास ‘हॉलीवुड को बेहतर करना चाहिए’ और ‘धिक्कार है तुमपर’ जैसे नारे लगाए। एक अन्य प्रदर्शन के तहत ‘स्पॉटलाइट’ में सहअभिनेता रहे मार्क रफेलो ने बचपन में पादरियों द्वारा यौन उत्पीड़न का शिकार बने लोगों के साथ प्रदर्शन किया।
अन्य अवॉर्ड्स
सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड फीचर फिल्म: इनसाईड आउट
सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म: बीयर स्टोरी
सर्वश्रेष्ठ विजुअल अफेक्ट्स: एक्स मशीना
सर्वश्रेष्ठ साउंड मिक्सिंग: मैड मैक्स: फ्यूरी रोड
सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन: मैड मैक्स: फ्यूरी रोड
अचीवमेंट इन साउंड एडिटिंग: मैड मैक्स: फ्यूरी रोड
सर्वश्रेष्ठ फिल्म एडिटिंग: मारगरेट सिक्सल (मैड मैक्स: फ्यूरी रोड)
अचीवमेंट इन सिनेमेटोग्राफी: द रेवनैंट
सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन: जेनी बीवन (मैड मैक्स: फ्यूरी रोड)
सर्वश्रेष्ठ ऑरिजिनल स्क्रीनप्ले: टिम मकार्थी और जोश सिंगर (स्पॉटलाइट)
सर्वश्रेष्ठ एडैप्टेड स्क्रीनप्ले: द बिग शॉर्ट (चार्ल्स रैंडोल्फ एडम मैके)