बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने 8 मई को दुल्हन बनने वाली सोनम कपूर को बधाई दी है। ‘मौसम’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्मों में सोनम के साथ काम करने वाले अनुपम खेर ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम से एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में सोनम कपूर भी नजर आ रही हैं। बैकग्राउंड से अनुपम खेर की आवाज सुनाई दे रही है। अनुपम खेर कहते हैं, ”जरा देखिए, इस प्रिटी-प्रिटी लड़की को।” इसके साथ ही वीडियो में एक गिफ्ट का बॉक्स भी नजर आ रहा है, जिसमें लिखा है, होने वाली दुल्हन के लिए।
अनुपम खेर ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, ”होने वाली दुल्हन। मेरी प्यारी सोनम कपूर। छोटी सी बच्ची देखते-देखते बड़ी हो गई।” इसके साथ ही अनुपम खेर ने इमोजी का भी इस्तेमाल किया है। सोनम कपूर और आनंद आहूजा की शादी का ऐलान कपूर खानदान की ओर से भी हो चुका है। आहूजा और कपूर परिवार ने मीडिया से निजता बरकरार रखने का निवेदन किया है। सोनम कपूर की शादी का कार्यक्रम 7 और 8 मई को होगा। 7 मई को मेहंदी का फंक्शन तो वहीं 8 मई को शादी का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सोनम और आनंद सिख रीति-रिवाजों से शादी के बंधन में बंधेगें।
इसके साथ ही सोनम कपूर की बहन रेहा कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें अर्जुन कपूर बहन सोनम कपूर को परेशान करते हुए नजर आ रहे थे। रेहा अर्जुन से सवाल करती हैं, ”क्या कह रहे हो? चाच। अर्जुन कहते हैं, मुझे ऐसा लग रहा है कि जैसे मैं वीरे दी वेडिंग को लाइव देख रहा हूं। सच्चाई है.. लाइक और कितनी तारीफें चाहिए तैनु? सोनू, तुम सुन भी नहीं रही हो, तुम रूचि भी नहीं ले रही हो।” जवाब में सोनम कहती हैं, ”नहीं, मैं कुछ देख रही हूं।”


