हैदराबाद निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जबरदस्त सफलता हासिल हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस निकाय चुनाव में 49 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) का प्रदर्शन पिछली बार के मुकाबले फीका रहा है। हैदराबाद निकाय चुनाव को 2023 तेलंगाना विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। पार्टी के शानदार प्रदर्शन से भगवा खेमा गदगद है। टीवी चैनल्स पर भी हैदराबाद निकाय चुनाव के नतीजों को खूब कवरेज मिल रही है। कल ज़ी न्यूज़ के प्राइम टाइम शो डीएनए में सुधीर चौधरी ने हैदराबाद निकाय चुनाव के नतीजों का विश्लेषण किया।
सुधीर चौधरी बोले,’आज इन चुनावों की चर्चा पूरे देश में हो रही है क्योंकि बीजेपी ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। वैसे यह एक शहर का नगर निगम चुनाव है। आमतौर पर नगर निगम चुनाव सड़क, सीवर,नाली और पानी जैसे मुद्दों तक सीमित रहते हैं लेकिन हैदराबाद नगर निगम के चुनाव में निजाम कल्चर, राष्ट्रवाद, रोहिंग्या मुसलमान, जिन्ना, हैदराबाद का नाम बदल कर भाग्यनगर रखने की बातें हुईं।’
सुधीर चौधरी आगे बोले,’ प्रचार के दौरान बीजेपी ने निजाम संस्कृति खत्म करके हैदराबाद को एक मिनी इंडिया बनाने की बात कही। जिसका मतलब हैदराबाद को एक ऐसे शहर में बदला जाएगा जो शहर सबका हो, अखिल भारतीय हो किसी एक संस्कृति या किसी एक धर्म के लोग शहर को अपनी प्राइवेट प्रॉपर्टी ना समझें।’
सुधीर चौधरी ने कहा,’निजाम संस्कृति का आरोप केवल ओवैसी की पार्टी पर ही नहीं टीआरएस पर भी है। चंद्रशेखर राव के बारे में कहा जाता है वो किसी राजा-महाराजा की तरह अपने बड़े से फार्म हाउस से ही सरकार चलाते हैं। उनकी पार्टी में परिवारवाद का वर्चस्व है लेकिन इन नतीजों ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री को आने वाले खतरे का एहसास करा दिया है।बीजेपी के लिए यह सफलता हैदराबाद में 1948 में चलाए गए ‘ऑपरेशन पोलो’ के दौरान मिली जीत के जैसी है।’
सुधीर चौधरी के इस बयान पर फेसबुक यूजर्स की तरह-तरह की प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं। कंचन त्यागी नाम की यूजर ने लिखा है,’बधाई,जय हो धीरे-धीरे ही सही अब हिन्दुस्तान जाग रहा है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा है,’महाराष्ट्र में क्या हो गया ?’