Om Puri Birthday: हिंदी सिनेमा जगत के दिग्गज अभिनेता ओम पुरी का आज (18 अक्टूबर) जन्मदिन है। उन्होंने आर्ट सिनेमा से लेकर कमर्शियल सिनेमा में अपने अभिनय की गहरी छाप छोड़ी। ओम पुरी की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही। खासकर तब जब उनकी जीवनी ‘अनलाइकली हीरो: द स्टोरी ऑफ़ ओम पुरी’ प्रकाशित हुई। किताब को ओम पुरी की दूसरी पत्नी नंदिता पुरी ने लिखा जिसने उनके जीवन में बड़ा भूचाल ला दिया था।
ओम पुरी के कई रिश्तों को इस किताब में असली नामों के साथ प्रकाशित किया गया जिस पर ओम पुरी बुरी तरह नाराज़ हुए थे। उन्होंने नंदिता पर छवि ख़राब करने का आरोप लगाया था। नंदिता ने किताब में इस बात क ज़िक्र किया था कि जब ओम पुरी 14 साल के थे तब उन्होंने घर में काम करने वाली एक 55 साल की महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
नंदिता ने किताब में ओम पुरी के एक और संबंध का ज़िक्र किया था। उन्होंने लिखा कि ओम पुरी एक ऐसी महिला के साथ भी संबंध में थे जो उनके बीमार पिता की देखरेख करती थी। किताब के अनुसार, ओम पुरी और उस महिला के बीच शारीरिक संबंध थे। किताब प्रकाशित होने के बाद ओम पुरी ने कहा था कि नंदिता ने उनके फैंस के बीच उनकी छवि गिरा दी है।
ओम पुरी का कहना था कि पति पत्नी के बीच कुछ बातें ऐसी होतीं हैं जो राज रहनी चाहिए लेकिन नंदिता ने उन बातों को इस हद तक गिरा दिया कि सुनकर उन्हें भी घटिया लगता है।
ओम पुरी के पहले संबंध को लेकर रजत शर्मा ने भी उनसे सवाल किया था। जब ओम पुरी ‘आपकी अदालत’ में पहुंचे थे तब रजत शर्मा ने उनसे सवाल किया था जिसके जवाब में ओम पुरी ने कहा था, ‘आप मुझे एक बात बताइए, इसमें 14 साल के एक बच्चे का कुसूर है या 55 साल की औरत का?’
अपने दूसरे संबंध पर बात करते हुए उन्होंने कहा था, ‘मेरे पिताजी 80 साल के थे तो वो उनकी देखभाल करतीं थीं। उस वक़्त पंजाब में आतंकवाद अपने पीक पर था। मेरे 3 भतीजे थे जो पढ़ाई करते थे। मैं शूटिंग के लिए कई-कई दिन बाहर रहता था तब वो सबकी देखभाल करतीं थीं। और उनसे मेरे ताल्लुकात थे। तब मैं शादीशुदा भी नहीं था और वो एक तलाकशुदा महिला थीं।’
नंदिता पुरी की किताब ने ओम पुरी की शादीशुदा जिंदगी में ऐसा जहर घोला कि दोनों तलाक के मोड़ पर आ गए थे। हालांकि दोनों ने अपने बेटे ईशान को देखते हुए तलाक नहीं लिया और अलग रहने लगे थे। ओम पुरी के निधन तक दोनों के बीच की तल्खी बनी रही थी।