रियलिटी शो ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ में इन दिनों अरमान मलिक की शादी के खूब चर्चे हैं। शो में वो अपनी दोनों पत्नियों पायल और कृतिका मलिक के साथ पहुंचे थे। हालांकि, पायल मलिक पहले ही शो से बाहर आ चुकी हैं और कृतिका अब भी अरमान के साथ घर में मौजूद हैं। अरमान की दो शादियों का सोशल मीडिया पर लोग विरोध कर रहे हैं। ऐसे में घर में भी उनकी शादी पर सवाल उठे थे। इसी बीच एक एपिसोड में यूट्यूबर की दूसरी पत्नी कृतिका ने एक और यूट्यूबर का नाम लिया था, जिसके बारे में बताया था कि उन्होंने भी दो शादियां की है। चलिए बताते हैं उसके बारे में…

दरअसल, कृतिका ने जिस यूट्यूबर के बारे में बताया था वो सनी राजपूत हैं। अरमान की वाइफ ने कहा था कि वो अपनी दोनों पत्नियों के साथ वीडियो बनाता है। दोनों के बीच लेटकर वीडियोज शेयर करता है। इस पर सनी ने उन्हें जवाब भी दिया था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें खरी-खोटी सुनाई थी। सनी ने कहा था कि दूसरों को जज करने से पहले खुद को देखो। यूट्यूबर ने सवालिया निशान उठाते हुए कहा था, ‘तूने क्या किया है किसी के घर में जाकर। किसी ने तुझ पर भरोसा करके फोटो शेयर करने के लिए नंबर दिया तो तूने फोटो क्या बंदा ही चुरा लिया।’

कौन हैं सनी राजपूत?

अगर सनी राजपूत के बारे में बात की जाए तो वो भी अरमान मलिक के जैसे ही एक यूट्यूबर हैं और व्लॉग बनाते हैं। उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी है। दो पत्नियों के साथ रहते हैं और उनके साथ रील्स भी शेयर करते हैं। उनकी दोनों पत्नी के नाम रूप और मानसी हैं। इनकी लव स्टोरी और शादी की कहानी काफी दिलचस्प है। सनी ने अपनी दो शादियों के बारे में एक व्लॉग में खुद बताया था। उन्होंने बताया था कि उनकी पहली शादी रूप से हुई थी। दोनों स्कूल के दिनों में मिले थे। उनका परिवार शादी के लिए राजी नहीं था। रूप की फैमिली वाले उनके लिए NRI लड़के की तलाश कर रहे थे। ऐसे में उस वक्त उनकी शादी नहीं हो सकी।

पहले प्यार को भुलाना चाहते थे सनी

सनी राजपूत ने बताया था कि रूप से अलग हो जाने के बाद वो टूट गए थे। इसके बाद कॉलेज के यूथ फेस्टिवल में उनकी मुलाकात मानसी से हुई। वो रूप को भूलना चाहते थे इसलिए मानसी के करीब जल्दी आ गए। वो किसी और से शादी के लिए भी तैयार थे। मूव ऑन करना चाहते थे। इसी बीच मानसी से शादी की बात भी बन गई। फिर कुछ समय के बाद सनी की मुलाकात कॉलेज में रूप से एक बार फिर से हुई। ये बात घरवालों को पता चली तो रूप को घरवालों ने घर से निकाल दिया था। सनी ने रूप को भटकने नहीं दिया और अपना लिया। लेकिन, मानसी की दिल टूट गया। उन्हें धोखा सा महसूस होने लगा। उन्होंने सनी से दूर जाने का फैसला किया।

मानसी का आया फोन और करनी पड़ी शादी

बाद में रूप और सनी शादी कर लेते है। उनकी एक बेटी भी हो जाती है। वहीं, एक रिश्ता टूट जाने की वजह से मानसी से कोई शादी के लिए राजी नहीं होता है। फिर एक दिन मानसी का सनी को कॉल आता है और बातें होती हैं। इसके बाद रूप, सनी को मानसी से शादी के लिए कहती हैं। रूप का सनी से कहना था कि अगर इसमें तीनों की गलती है तो सिर्फ एक ही इसे क्यों भुगते। इसके बाद सनी ने मानसी से दूसरी शादी कर ली।