भारतीय जनता पार्टी के रीवां से सांसद जनार्दन मिश्रा ने भ्रष्टाचार को लेकर बयान दिया है, जिससे वह लोगों के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, उनका कहना है कि वह 15 लाख की रिश्वत को भ्रष्टाचार नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि अगर 15 लाख से ऊपर की रिश्वत मांगे, तभी हमारे पास आएं। भाजपा सांसद के इस बयान पर पत्रकार सुशांत सिन्हा भी भड़के नजर आए। उन्होंने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का वीडियो साझा करते हुए तंज कसा और लिखा कि हैरानी नहीं है कि लोगों के घरों से गड्डियों के अंबार मिलते हैं।

भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का वीडियो साझा करते हुए पत्रकार सुशांत सिन्हा ने लिखा, “बीजेपी सांसद साहब के मुताबिक 15 लाख से ऊपर की रिश्वत मांगी जाए, तब लोग आएं उनके पास और साथ ही सांसद साहब 15 लाख की रिश्वत को जस्टिफाई भी कर रहे हैं। आश्चर्य नहीं कि इस देश में लोगों के घरों से नोटों की गड्डियों के अंबार मिलते हैं। गजबे है।”

भाजपा सांसद को लेकर किये गए सुशांत सिन्हा के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर भी खूब कमेंट कर रहे हैं। स्वामि नाम के यूजर ने सुशांत सिन्हा के इस ट्वीट को लेकर उन्हीं पर तंज कसा और लिखा, “भगवान से प्रार्थना करता हूं कि भाई की तबीयत ठीक हो। ‘बीजेपी’ शब्द भाई के ट्विटर हैंडल से देखा तो मन में शंका हो गई थी, आखिर आज सवाल कैसे पूछ लिया।”

एक यूजर ने सुशांत सिन्हा के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “रीवां, मध्य प्रदेश के सांसद हैं। ऐसी सोच को तत्काल प्रभाव से हटाना चाहिए।” राहुल कुमार नाम के यूजर ने लिखा, “भाईसाहब, ये इनका पहला वक्तव्य नहीं है। चर्चाओं में बने रहने के ये महानुभाव पहले भी कई बार ऐसी अनर्गल बयानबाजी कर चुके हैं।”

बता दें कि भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने वीडियो में कहते नजर आए, “सरपंच ने सात लाख तो चुनाव में लगाया है और पांच लाख लगाकर चुनाव जीता है। सात लाख उसे अगले चुनाव के लिए चाहिए और कुछ लाखों रुपये और जोड़ दो। 15 लाख के आगे कोई भ्रष्टाचार कर रहा है तो वह समझ आता है।”