23 जुलाई को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2024 पेश किया। जिससे मिडिल क्लास लोगों की जेब पर खास असर पड़ने वाला है। तमाम लोग इस बजट से नाखुश हैं और अपने रिएक्शन दे रहे हैं। निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट पर तमाम मीम भी बनने लगे हैं। लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने भी बजट पर अपना रिएक्शन देते हुए तंज कसा है। जिसके बाद हमेशा की तरह उनकी ट्रोलिंग शुरू हो गई है।
नेहा सिंह राठौर ने ट्विटर पर निर्मला सीतारमण की तस्वीर के साथ बना मीम शेयर किया है, जिसमें लिखा है, ‘ऐसे क्या देख रहे हो, मिडिल क्लास कहीं का। तेरे लिए कुछ नहीं है आज।’ इसके साथ कैप्शन में नेहा ने लिखा, “का हो मिडिल क्लास…का हाल बा..?” नेहा का ऐसा लिखना था और तुरंत ट्रोलिंग शुरू हो गई।
यूजर्स के कमेंट्स
एक यूजर ने लिखा, “वैसे कांग्रेसी चमचों को समझ में नही आएगा चाहे कितना भी लाभकारी बजट हो।” एक यूजर ने लिखा, “तोहर बिहार में बहार बा और का …” वहीं तमाम लोगों ने नेहा का साथ देते हुए बजट की आलोचना की है। सतीश मिश्रा नाम के यूजर ने लिखा, “मिडिल क्लास की लंका लगी हुई है, सबसे खराब फाइनेंस मिनिस्टर।” अन्य यूजर ने लिखा, “सही कहा मिडिल क्लास गया तेल लेने। फर्स्ट क्लास का जलवा कायम है।”
बता दें कि नेहा सिंह राठौर के अलावा भाजपा सांसद कंगना रनौत, अश्नीर ग्रोवर, शत्रुघन सिन्हा समेत कई लोगों ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना रनौत ने इस बजट को शानदार बताया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और रवि किशन के साथ एक तस्वीर भी साझा की। उन्होंने पोस्ट को कैप्शन दिया, ‘उत्तम बजट संसद बजट सत्र।”
अभिनेता और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सदस्य और सांसद शत्रुघन सिन्हा ने बजट की तारीफ करते हुए कहा कि कैंसर की दवा या अन्य जीवन रक्षक दवाओं पर जो राहत दी गई है, वह सराहनीय है। उन्होंने यहां तक कहा कि एक निवासी के तौर पर बिहार को जो दिया है, वह अच्छा लगा।
शार्क टैंक इंडिया के पूर्व पैनलिस्ट अश्नीर ग्रोवर ने एक्स पर ‘बजट 2024 – ‘उबाऊ, बेजान और अर्थहीन’ कहा है। उन्होंने लिखा, “इस बजट को पेश करने के बजाय वे बस इतना कह सकते थे – “इस बार मन सा नहीं कर रहा – अगली बार देख लेंगे अगर कुछ करना है तो”।