लोक गायिका नेहा सिंह राठौर सरकार पर निशाना साधने और कमियां गिनवाने का एक भी मौका नहीं छोड़तीं। अब उन्होंने बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो पोस्ट करते हुए उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी का मौसेरा भाई बताया है। नेहा सिंह राठौर के पोस्ट पर हमेशा की तरह कुछ लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं तो कुछ उनकी बात से सहमत हैं। इसके साथ ही लोक गायिका ने अन्य ट्वीट किए हैं।
नेहा सिंह राठौर ने धीरेंद्र शास्त्री का वो वीडियो शेयर किया है, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री भगवान को कॉल कर उनसे अर्जी लगा रहे हैं। इस वीडियो के साथ कैप्शन में नेहा ने लिखा, “धीरेंद्र शास्त्री जब चाहें ऊपरवाले से फोन पर बात कर सकते हैं। देश में तमाम दुर्घटनाएं हुईं लेकिन इन्होंने देशवासियों को कभी पहले आगाह नहीं किया…शायद बादलों की वजह से रडार काम नहीं कर रहा होगा! मोदीजी ने इन्हें अपना छोटा भाई कहा है…जरूर मौसेरे भाई होंगे।”
यूजर्स के कमेंट्स
नेहा सिंह राठौर के पोस्ट पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है। रजनीश कुमार नाम के यूजर ने लिखा है, “कभी उनके सामने जाओ अगर वो गलत हैं तो उनकी पोल खोलो, उनके सामने जाकर तुम्हारी आवाज भी नहीं निकलेगी।” हरजीत नाम के यूजर ने धीरेंद्र शास्त्री के लिए लिखा, “फुल नौटंकीबाज है ये इंसान, ना जाने मोदी जी को ऐसे ही लोग क्यों पसंद आते हैं।”
नेहा सिंह के अन्य ट्वीट
इस वक्त आसाराम बापू अंतरिम जमानत पर बाहर हैं और उनकी जमानत को 30 जून तक बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा बाबा राम रहीम भी फरलो पर जेल से बाहर है। इन दोनों की तस्वीरें शेयर करते हुए भी नेहा सिंह राठौर ने लिखा है, “बलात्कारियों को बार-बार जेल से बाहर निकालना क्या पीड़िता के साथ अन्याय नहीं है? क्या इससे बलात्कारियों के हौसले बुलंद नहीं होते? क्या इससे पीड़िता का जीवन संकट में नहीं आता?”
इसके अलावा नेहा सिंह ने सेना में भर्ती को लेकर सरकार से सवाल किए हैं। उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा है, “सेना में 1 लाख से ज्यादा सैनिकों की कमी के बावज़ूद भर्ती नहीं आ रही तो क्या हुआ? मोदीजी ने कुछ सोचकर ही भर्ती रोकी होगी! सेना कमजोर हो रही है तो क्या हुआ? मोदीजी ने कुछ सोचकर ही ऐसा किया होगा! सेना की जमीन दोस्तों में बांट दी तो क्या हुआ? कुछ सोचकर ही बांटा होगा!कोई देशद्रोही ही मोदीजी की नीयत पर सवाल उठाएगा।”