प्रियंका चोपड़ा भले ही निक जोनास के साथ अपने रिश्ते को लेकर चुप्पी साधे हुए हो लेकिन इंडस्ट्री में प्रियंका के दोस्त उन्हें छेड़ने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। नेहा धूपिया ने हाल ही में निक जोनास और उनके भाईयों की तस्वीर शेयर की और प्रियंका चोपड़ा को इस तस्वीर में टैग कर डाला। नो फिल्टर नेहा और वोग बीएफएफ जैसे शोज़ को होस्ट करने वाली नेहा धूपिया एमटीवी रोडीज़ शो को भी होस्ट करती हैं। उन्होंने हाल ही में बॉलीवुड में अपने 15 साल पूरे किए हैं और इसी खुशी में उन्होंने अपने पुराने बॉलीवुड से जुड़े सामानों को निकालकर इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी बना दी।

नेहा ने हाल ही में एक्टर अंगद बेदी से शादी की है। उन्होंने 2003 में मल्टीस्टारर फिल्म कयामत से अपने बॉलीवुड करियर की शुरूआत की थी। इस फिल्म में अजय देवगन, सुनील शेट्टी, अरबाज़ खान, ईशा कोप्पिकर, रिया सेन और आशीष चौधरी नज़र आए थे। नेहा को अपने इस कलेक्शन से कुछ सीडी मिली जो उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर डाल दी। उन्होंने इस स्टोरी के कैप्शन में लिखा – आज मैंने बॉलीवुड में 15 साल पूरे कर लिए हैं। ये दिन मेरे लिए बेहद खास है। नेहा की अगली स्टोरी निक जोनास और उनके पॉप बैंड को लेकर थी। इस स्टोरी में निक और उनके भाई केविन और जो भी देखे जा सकते थे। गौरतलब है कि निक जोनास का बैंड 2005 से लेकर 2013 तक एक्टिव था। नेहा ने एक सीडी पोस्ट की जिसमें तीनों भाईयों को साथ देखा जा सकता था। नेहा ने इस स्टोरी पर लिखा देखो मुझे क्या मिला प्रियंका चोपड़ा। उन्होंने इसके साथ ही एक स्माइली हार्ट इमोजी भी बनाया।

नेहा ने इस सीडी को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया।

जहां निक और प्रियंका ने अपने रिश्ते को लेकर कोई बात नहीं की है, वहीं नेहा का ये गेस्चर दिखाता है कि निक और प्रियंका वाकई एक दूसरे को लेकर गंभीर हैं। ये भी देखना दिलचस्प होगा कि प्रियंका चोपड़ा आखिर नेहा की इस स्टोरी पर कैसी प्रतिक्रिया देती हैं। प्रियंका हाल ही में न्यूयॉर्क से अपनी दो फिल्मों की शूटिंग को खत्म करने के लिए भारत वापस लौटी हैं। इनमें से एक फिल्म सलमान खान की मल्टीस्टारर फिल्म ‘भारत’ होगी और उसके बाद सोनाली बोस की फिल्म द स्काई इज़ पिंक में नज़र आएंगी। उन्होंने हाल ही में अपने इंस्टा पोस्ट से इस फिल्म के बारे में जानकारी दी थी।