सब टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के फैंस के लिए एक और बुरी खबर है। शो के कई किरदार धीरे-धीरे किनारा कर रहे हैं। पहले दयाबेन का किरदार निभाने वाली दिशा वकानी ने शो को अलविदा कहा, फिर तारक मेहता के रोल में दिखने वाले शैलेश लोढ़ा के शो छोड़ने की बात आई, अब खबर आ रही है कि बबीता जी उर्फ मुनमुन दत्ता भी शो में नहीं दिखाई देंगी।
हालांकि इस मामले में मुनमुन दत्ता की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। उनके शो छोड़ने के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मुनमुन आने वाले बिगबॉस ओटीटी में हिस्सा ले सकती हैं, जिसकी वजह से वो TMKOC छोड़ सकती हैं। लेकिन इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बता दें कि बिग बॉस 15 में मुनमुन शो के कंटेस्टेंट्स के लिए चैलेंजर बनकर आई थीं। वो शो में 2 दिन तक घर के ही एक हिस्से में अन्य चैलेंजर्स सुरभि चंदना, विशाल सिंह और आकांक्षा पुरी के साथ रही थीं। अब कहा जा रहा है कि इस बार मुनमुन बिग बॉस ओटीटी में बतौर कंटेस्टेंट बनकर जाएंगी।
मुनमुन दत्ता आए दिन किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहती हैं। इससे पहले भी मुनमुन के शो को छोड़ने की खबर सामने आ चुकी है। पिछले साल भी कहा जा रहा था कि वो तारक मेहता का उल्टा चश्मा छोड़ रही हैं। जिसके बाद एक्ट्रेस ने इसे महज एक अफवाह बताया था।
आपको बता दें कि शैलेश लोढ़ा भी शो को छोड़ रहे हैं। मेकर्स ने इसे लेकर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शैलेश पिछले एक महीने से शो के सेट पर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने शूटिंग बंद कर दी है। खबर है कि शैलेश अपने लिए नए मौकों की तलाश में हैं। इस शो के लिए शैलेश ने कई बड़े ऑफर ठुकरा दिये थे, लेकिन वो अब ऐसा नहीं करना चाहते और अच्छे ऑफर्स को नजरअंदाज नहीं कर सकते। कयास लगाए जा रहे हैं कि शैलेश लोढ़ा को कोई बढ़िया ऑफर हाथ लग चुका है, जिसके लिए वो तारक मेहता का उल्टा चश्मा छोड़ने के लिए तैयार हो गए हैं।